

रुद्रपुर।1971 के भारत–पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सेना की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में विजय दिवस के अवसर पर जनपद ऊधम सिंह नगर पुलिस द्वारा मंगलवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर परिसर में एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्र की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया और उनके बलिदान को स्मरण किया गया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर श्री मणिकांत मिश्रा ने 1971 के युद्ध में शहीद हुए वीर सैनिकों की स्मृति में पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी तथा गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। शहीद स्मारक स्थल पर सभी ने श्रद्धा सुमन अर्पित किए, वहीं पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में माननीय महापौर, रुद्रपुर एवं एसएसपी श्री मणिकांत मिश्रा द्वारा 1971 के युद्ध में भाग लेकर देश को विजय दिलाने वाले पूर्व सैनिकों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह के दौरान उनके साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति निष्ठा की सराहना की गई।
विजय दिवस के अवसर पर युवाओं में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन, चित्रकला एवं खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। मुख्य समारोह में इन प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर एसएसपी श्री मणिकांत मिश्रा ने कहा कि विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। यह दिन प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों के ईमानदार निर्वहन की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान पूरा वातावरण देशभक्ति और सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।




