किच्छा में अरोड़ा इंडस्ट्रीज के तीन गोदामों में भीषण आग, लाखों का चावल और वरदाना जलकर राख

Spread the love


किच्छा। किच्छा स्थित राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री साहिल अरोरा की अरोड़ा इंडस्ट्रीज में शनिवार देर रात अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और तीन गोदाम इसकी चपेट में आ गए। घटना में लाखों रुपये मूल्य का चावल एवं वरदाना जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वहीं, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अरोड़ा इंडस्ट्रीज के स्वामी एवं राइस मिलर एसोसिएशन के महामंत्री साहिल अरोरा ने बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे मिल परिसर के एक गोदाम से धुआं उठता दिखाई दिया। ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना उन्हें दी। जब तक वे मौके पर पहुंचे, तब तक आग तीन गोदामों में फैल चुकी थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदामों में रखा चावल और वरदाना देखते ही देखते जलने लगा।
उन्होंने बताया कि आग से लगभग 20 लाख रुपये मूल्य का चावल एवं वरदाना पूरी तरह नष्ट हो गया। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लगातार राहत एवं बचाव कार्य चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह लगभग 4:30 बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित गोदामों का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया और साहिल अरोरा व उनके परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। शुक्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आग से हुआ नुकसान किसी भी उद्योगपति के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच कराने तथा नियमानुसार हरसंभव राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग करेंगे।
इस दौरान संदीप अरोड़ा, किशन नारंग, सौरभ अरोड़ा, दीपक पाठक, लक्ष्मण खुगगर, अंकुर पपनेजा, सुमित अरोड़ा, गौरव अरोड़ा तथा सतीश अरोड़ा सहित अन्य लोग भी मौके पर मौजूद रहे।


Spread the love