तेंदुए की दस्तक से रुद्रपुर में दहशत, विधायक शिव अरोरा की मौजूदगी में वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

Spread the love



रुद्रपुर। सिडकुल क्षेत्र में पिछले दो दिनों से तेंदुए की लगातार मौजूदगी से रुद्रपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बना हुआ है। नील ऑटो कंपनी के गेट के समीप तेंदुआ देखे जाने के बाद प्रशासन और वन विभाग अलर्ट मोड पर है।
सूचना मिलने पर विधायक शिव अरोरा डीएफओ, वन विभाग की टीम, तहसील प्रशासन और पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने गेहूं के खेत के पास तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी दी। बिना किसी देरी के विधायक शिव अरोरा स्वयं टीम के साथ खेत तक पहुंचे, जहां तेंदुआ बेहद नजदीक नजर आया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विधायक ने मौके पर ही डीएफओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र की जनता की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती और नियमों के अनुसार तत्काल जाल बिछाकर तेंदुए का रेस्क्यू किया जाए। निर्देश मिलते ही वन विभाग ने आवश्यक उपकरण मंगवाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील विषय है, जब दिन के समय आबादी के बीच तेंदुआ दिखाई दे रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनप्रतिनिधि होने के नाते जनता की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वह स्वयं ग्राउंड जीरो पर रहकर रेस्क्यू की निगरानी करेंगे।
विधायक ने सिडकुल क्षेत्र, आसपास के गांवों और रुद्रपुर वासियों से अपील की कि तेंदुए के रेस्क्यू और स्थिति की पूरी पुष्टि होने तक शाम के समय अकेले बाहर न निकलें तथा अनावश्यक रूप से घर से बाहर जाने से बचें।
इसके साथ ही उन्होंने वन विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में कैमरे लगाने और पेट्रोलिंग गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
मौके पर डीएफओ उमेश कुमार तिवारी, तहसीलदार दिनेश कुमार, वन दरोगा विपिन पाण्डेय, सिडकुल चौकी पुलिस तथा वन विभाग की टीम मौजूद रही।


Spread the love