

रुद्रपुर।भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 28 जनवरी 2026 को राज्य के विभिन्न जनपदों सहित ऊधम सिंह नगर में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों, विशेषकर छोटे बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी एवं जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष नितिन सिंह भदौरिया ने आदेश जारी करते हुए जनपद ऊधम सिंह नगर के समस्त शासकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के सभी विद्यार्थियों के लिए 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को अवकाश घोषित किया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए भी अवकाश रहेगा।
हालांकि, आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 10 एवं कक्षा 12 के वे विद्यार्थी जो CBSE, ICSE, उत्तराखंड बोर्ड अथवा अन्य मान्यता प्राप्त बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित होने वाले हैं, उनकी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को ध्यान में रखते हुए यदि कोई विद्यालय अध्ययन, प्रायोगिक या प्री-बोर्ड परीक्षा से संबंधित शैक्षणिक गतिविधि आयोजित करना चाहता है, तो उसके लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी, ऊधम सिंह नगर से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने समस्त तहसीलों एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई विद्यालय इस आदेश की अवहेलना करता पाया गया तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।





