

रुद्रपुर। शहर के प्रीत विहार पंचवटी कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब टंकी ठीक करने के बहाने आए दो प्लंबर घर से लाखों के आभूषण और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना का पूरा घटनाक्रम घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। पीड़ित गृहस्वामी नरेश कोली की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
नरेश कोली के अनुसार, बीते 2 नवंबर को दोपहर करीब 3:50 बजे यामीन अंसारी नामक व्यक्ति अपने साथी आशु मियां के साथ उनके घर पहुंचा था। दोनों ने खुद को प्लंबर बताते हुए टंकी की मरम्मत करने की बात कही। इसी बीच, आवश्यक सामान लेने के बहाने यामीन को बाजार भेज दिया गया। उस समय नरेश कोली की पत्नी घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी मौके का फायदा उठाते हुए दोनों आरोपी घर के अंदर घुसे और अलमारी का ताला तोड़कर आभूषण व नगदी पार कर गए।
पीड़ित ने बताया कि अलमारी से चार सोने के कंगन, चार अंगूठियां, दो सोने की चेन, एक पेंडेंट चेन, एक जोड़ी झुमके, एक मंगलसूत्र, एक नथ, एक मांगटीका और आठ छोटे पेंडेंट चोरी हुए हैं। साथ ही अलमारी में रखी करीब दो लाख रुपये की नकदी भी गायब है।
पुलिस ने नरेश कोली की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
संपादकीय यह घटना शहर में बढ़ती घरेलू चोरी की वारदातों पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। मरम्मत, सफाई या सर्विसिंग के नाम पर घरों में आने वाले अनजान लोगों की सत्यापन प्रक्रिया अक्सर अनदेखी कर दी जाती है, जिसका फायदा अपराधी आसानी से उठा रहे हैं। पुलिस प्रशासन के साथ-साथ नागरिकों को भी अब अधिक सतर्क रहने की आवश्यकता है।




