पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप मिलेगा, 380 करोड़ से विस्तारीकरण कार्यों में आएगी तेजी — सांसद अजय भट्ट”

Spread the love


रुद्रपुर, 26 नवंबर 2025पंतनगर एयरपोर्ट बनेगा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप: सांसद अजय भट्ट
एयरपोर्ट विस्तारीकरण कार्य में आएगी तेजी, 380 करोड़ की लागत से परिकल्पित परियोजना

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

जिला सभागार में बुधवार को सांसद एवं भारतीय विमानपत्तन हवाई अड्डा सलाहकार समिति पंतनगर के अध्यक्ष अजय भट्ट की अध्यक्षता में समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पंतनगर हवाई अड्डे के विस्तारीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सांसद भट्ट ने संबंधित सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सांसद भट्ट ने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। लगभग 380 करोड़ रुपये की लागत से रनवे विस्तार, नए टर्मिनल, कार्गो, हैंगर एवं अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं स्थापित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि रिजनल कनेक्टिविटी स्कीम ‘उड़ान’ के तहत केंद्र और राज्य सरकार मिलकर एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाने में जुटी हैं।

उन्होंने कहा कि विस्तारीकरण पूरा होने के बाद पर्यटन और कारोबार में अभूतपूर्व बढ़ोतरी होगी, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही एयरपोर्ट सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

524.70 एकड़ भूमि आवंटित, ध्वस्तीकरण व पेड़ कटान जारी
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने अवगत कराया कि एयरपोर्ट विस्तार हेतु 524.70 एकड़ भूमि एयरपोर्ट प्राधिकरण को हस्तांतरित हो चुकी है। टीडीसी, जीबी पंत कृषि विश्वविद्यालय एवं सैनिक फार्म क्षेत्र में आवंटित भूमि पर मौजूद निर्माणों का ध्वस्तीकरण एवं पेड़ों के कटान की कार्रवाई प्रगतिशील है।

रनवे 3,000 मीटर, आधुनिक यात्री सुविधाएँ उपलब्ध होंगी
एयरपोर्ट निदेशक पवन कुमार ने बताया कि 3,000 मीटर लंबे रनवे सहित नए टर्मिनल भवन पर कार्य तेजी से हो रहा है। यात्रियों के लिए एटीएम, कार पार्किंग, टैक्सी-रिटेल काउंटर, वाई-फाई, हेल्पडेस्क, प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उन्होंने सुरक्षा बलों की कमी का मुद्दा उठाते हुए बताया कि 75 स्वीकृत पदों में से मात्र 20 पर ही सुरक्षा कर्मी तैनात हैं। इस पर सांसद भट्ट ने डीजीपी से वार्ता कर शीघ्र सुरक्षा बल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

हाईवे शिफ्टिंग व ड्रेनेज कार्य भी तेजी से शुरू होंगे
पीडी एनएचएआई ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार की जद में आने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को शिफ्ट करने का सर्वे तथा टेंडर कार्य पूर्ण हो चुका है, कार्य जल्द प्रारंभ होगा। वहीं उप जिलाधिकारी ने बताया कि वर्षा जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए सिंचाई विभाग के साथ नालों का चिह्नीकरण कर लिया गया है तथा ड्रेनेज कार्य शुरू होने वाला है।

बैठक में पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डीजीएम एयरपोर्ट अनूप गुप्ता, पीएस बृजवाल, समिति सदस्य हेमंत कुमार नरूला, शुभम टंडन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



Spread the love