

रुद्रपुर। गाबा चौक के समीप डंपर की चपेट में आकर रम्पुरा निवासी 22 वर्षीय बब्लू कोली की दर्दनाक मृत्यु ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद विधायक शिव अरोरा का पीड़ित परिवार के साथ खड़ा होना एक मानवीय और संवेदनशील पहल के रूप में सामने आया है।
विधायक शिव अरोरा ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर मृतक के परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में धैर्य बनाए रखने का हौसला दिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए। साथ ही एआरटीओ और पुलिस से वार्ता कर सड़क दुर्घटना मुआवजा प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराने के लिए रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
बब्लू कोली परिवार का मुख्य सहारा था। उसके असमय निधन से परिवार पर गंभीर आर्थिक संकट आ खड़ा हुआ है, जबकि पिता की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं बताई जा रही है। इस स्थिति को देखते हुए विधायक अरोरा ने मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का भी भरोसा दिया, ताकि परिवार को जीवनयापन में कठिनाई न हो।
मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए विधायक ने मृतक के भाई को अपनी ओर से तथा समाजसेवियों के सहयोग से आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई, जिससे अंतिम संस्कार व अन्य आवश्यक कार्य संपन्न हो सकें।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बब्लू एक होनहार और मेहनती युवा था, उसका जाना अत्यंत दुखद है। इस क्षति की भरपाई संभव नहीं, लेकिन पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इस अवसर पर पार्षद गिरीश पाल, समाजसेवी सुशील गाबा, डॉ. महेश कोली, राज कोली, चन्द्रसेन चंदा, चंद्रपाल कोली सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
यह घटना एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा के सवालों को गंभीरता से उठाती है, वहीं जनप्रतिनिधियों की संवेदनशील भूमिका समाज में भरोसा भी कायम करती है।




