

हल्द्वानी। शहर के जज फार्म क्षेत्र में रविवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां नगर निगम के पार्षद एवं भाजपा नेता अमित बिष्ट पर 24 वर्षीय युवक नितिन लोहनी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर, ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी उत्तराखंड)
पुलिस को दिए बयान में मृतक के साथ मौजूद उसके दोस्त ने बताया कि रविवार रात करीब 11:45 बजे वह और नितिन एक पार्टी से लौट रहे थे। नितिन, पार्षद अमित बिष्ट के परिवार को पहले से जानता था। दोनों जब पार्षद के घर के बाहर पहुंचे और घंटी बजाई, तभी अमित बिष्ट दो नाली बंदूक लेकर बाहर आए और फायरिंग शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार पहली गोली जमीन पर लगी, जिसके छर्रे उसे लगे, जबकि दूसरी गोली सीधे नितिन लोहनी को लगी। गोली लगते ही नितिन गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोप है कि इस दौरान पार्षद का बेटा भी पिस्टल लेकर मौके पर मौजूद था, जिसने डराने का प्रयास किया।
घटना के बाद घायल नितिन को आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र 24 वर्ष बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शी युवक ने पुलिस को बताया कि वह पूरी रात भय के कारण सामने नहीं आ सका और सुबह होते ही कोतवाली पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई।
घटना हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जज फार्म इलाके की बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई चल रही है।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग राजनीतिक संरक्षण को लेकर सवाल उठा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, सितंबर 2025 का एक पुराना वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक विधायक द्वारा पार्षद अमित बिष्ट को थाने में कथित रूप से संरक्षण दिए जाने का दावा किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। मृतक के परिजनों में घटना के बाद से कोहराम मचा हुआ है।




