

रुद्रपुर।रुद्रपुर को एक आदर्श मॉडल सिटी के रूप में विकसित करने के अपने संकल्प को दोहराते हुए महापौर विकास शर्मा ने सोमवार को प्रशासनिक अमले के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक और तूफानी निरीक्षण किया। इस दौरान न केवल चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई, बल्कि उन महत्वाकांक्षी योजनाओं की भी ठोस रूपरेखा तैयार की गई, जिनका लोकार्पण एवं शिलान्यास आगामी 14 फरवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ एडीएम पंकज उपाध्याय, मुख्य नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, सहित लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग एवं परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
हाईवे चौड़ीकरण में आएगी गति
निरीक्षण की शुरुआत नेशनल हाईवे चौड़ीकरण कार्य से हुई। यहाँ यह तथ्य सामने आया कि बस टर्मिनल के पुराने कार्यालयों के शिफ्ट न होने के कारण विद्युत पोल नहीं हट पाए हैं, जिससे हाईवे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए मौके पर ही परिवहन निगम एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक की और निर्देश दिए कि कार्यालय को शीघ्र शिफ्ट किया जाए, ताकि जनहित में बन रहा हाईवे बाधित न हो। अधिकारियों ने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
किच्छा बाईपास पर बनेगा नया वेंडिंग जोन
शहर की व्यवस्थित बसावट और छोटे व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए महापौर ने किच्छा बाईपास पर जेसीज स्कूल के समीप प्रस्तावित वेंडिंग जोन की भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रोडवेज परिसर के बाहर निर्माणाधीन बस टर्मिनल की जद में आ रही दुकानों को यहाँ सम्मानजनक, सुरक्षित और स्थायी विकल्प उपलब्ध कराया जाएगा।
यहाँ 6×8 फीट आकार की 30 दुकानें बनाई जाएंगी। वेंडिंग जोन में हाईटेक शौचालय, पेयजल एवं स्वच्छता सुविधाएँ उपलब्ध होंगी, जिससे यह न केवल दुकानदारों बल्कि ग्राहकों के लिए भी सुविधाजनक बनेगा। यह नगर निगम का तीसरा सफल वेंडिंग जोन होगा।
दो मंजिला हाईटेक शौचालय और पार्क की सौगात
सब्जी मंडी के समीप हाईवे चौड़ीकरण की जद में आ रहे पुराने शौचालय को लेकर भी ठोस निर्णय लिया गया। महापौर ने निर्देश दिए कि पुराने ढांचे को ध्वस्त कर शिक्षा विभाग की भूमि पर दो मंजिला हाईटेक शौचालय का निर्माण किया जाए, जिसके लिए विभागीय अनापत्ति प्राप्त कर ली गई है।
इसके साथ ही शिवनगर में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर बच्चों के लिए भव्य पार्क तथा बुजुर्गों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था विकसित की जाएगी।
14 फरवरी बनेगा रुद्रपुर के इतिहास का स्वर्णिम दिन
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। 14 फरवरी को होने वाले कार्यक्रम में त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया जाएगा, जो शहर की नई पहचान बनेगा।
इसके साथ ही दशकों से बंद पड़ी नैनीताल हाईवे से आदर्श कॉलोनी-घास मंडी मार्ग को पुनः खोलने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसका शिलान्यास मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे। गौशाला का लोकार्पण एवं कई अन्य विकास कार्य भी इसी दिन जनता को समर्पित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि काशीपुर बाईपास चौड़ीकरण के लिए चिन्हीकरण कार्य भी पूर्ण हो चुका है।
एक वर्ष में विकास के नए कीर्तिमान
अपने एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए महापौर ने कहा कि नगर निगम ने विकास के कई नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
उन्होंने स्पष्ट किया—
“हमारा लक्ष्य केवल निर्माण नहीं, बल्कि रुद्रपुर को एक सुव्यवस्थित, संवेदनशील और मॉडल शहर बनाना है। मुख्यमंत्री धामी जी के मार्गदर्शन में यह विकास यात्रा निरंतर जारी रहेगी।”
संपादकीय टिप्पणी
महापौर विकास शर्मा का यह मॉडल वास्तव में सराहनीय और अनुकरणीय है। रुद्रपुर में वर्षों से यह परंपरा रही है कि पहले दुकानों पर बुलडोज़र चलाए जाते थे और बाद में आश्वासन दिए जाते थे। लेकिन यह पहली बार है जब पहले पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है और उसके बाद अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
यह फार्मूला न केवल रुद्रपुर बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए एक नजीर बन सकता है। विकास यदि मानवीय संवेदना और योजना के साथ हो, तो टकराव नहीं, विश्वास पैदा करता है—और यही सच्चे सुशासन की पहचान है।
—




