

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बड़ी मंडी क्षेत्र में गुरुवार प्रातः मिले युवक-युवती के शवों के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों की पत्थरों से सिर कुचलकर निर्मम हत्या की गई थी।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
प्रातः पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि बड़ी मंडी क्षेत्र में एक युवक और एक युवती मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली हल्द्वानी पुलिस, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और भौतिक साक्ष्य संकलित किए गए। प्रथम दृष्टया मामला पत्थर से कुचलकर हत्या का पाया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. स्वयं मौके पर पहुंचे और सभी पहलुओं का अध्ययन किया। उन्होंने विशेष टीम गठित कर शीघ्र अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र एवं पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निकट पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और सुरागरसी के आधार पर मामले का खुलासा किया।
मृतकों की पहचान
मृतकों की पहचान दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों से संपर्क कर की गई। मृत युवक की पहचान शुभम टम्टा पुत्र किशोरी लाल टम्टा निवासी तल्ला खोल्टा, अल्मोड़ा तथा युवती की पहचान लक्ष्मी पोखरिया पुत्री हेम चन्द्र पोखरिया निवासी ग्राम मल्ली पोखरी, ओखलकांडा (नैनीताल) के रूप में हुई।
मृतका के परिजन सुरेश चन्द्र पोखरिया की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 52/2026 धारा 103(1) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
कैसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन सभी आरोपी एक साथ शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान शुभम और लक्ष्मी ने विरोध किया, जिसके बाद गुस्से में आकर आरोपियों ने पहले शुभम पर हमला किया और पत्थर से उसका सिर कुचल दिया। घटना के खुलासे के डर से उन्होंने लक्ष्मी को भी मौत के घाट उतार दिया। दोनों के सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचले गए थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है—
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर (25 वर्ष) निवासी वसुंधरा कॉलोनी, धानमिल रोड
बोरिस भट्टी (20 वर्ष) निवासी तीनपानी खन्ना फार्म
दीपू शर्मा (20 वर्ष) निवासी वसुंधरा कॉलोनी
दीपेश लातवाल (25 वर्ष) निवासी उत्तरांचल विहार, बड़ी मुखानी
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पत्थर, मोबाइल फोन तथा गौरव और दीपू शर्मा के खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।
आपराधिक इतिहास चौंकाने वाला
मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत कुल 11 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। वहीं आरोपी दीपेश लातवाल के खिलाफ मुखानी थाने में एनडीपीएस एक्ट समेत तीन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस टीम को पुरस्कार
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने इस सनसनीखेज हत्याकांड के त्वरित अनावरण पर पुलिस टीम को ₹2500 नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। उन्होंने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि समाज में इस प्रकार के जघन्य अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस, सर्विलांस टीम, डॉग स्क्वॉड एवं फॉरेंसिक टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह दोहरा हत्याकांड हल्द्वानी शहर में सनसनी का विषय बना हुआ है। घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




