

रुद्रपुर। नगर के हृदयस्थल गांधी पार्क में आज ‘सरस आजीविका मेला–2026’ का भव्य शुभारंभ प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन और पुष्पवर्षा के मध्य आरंभ हुआ यह आयोजन आत्मनिर्भरता, महिला सशक्तिकरण और लोकसंस्कृति का उत्सव बनकर उभरा।
मुख्यमंत्री ने मेले का उद्घाटन करते हुए कहा कि उत्तराखंड की शक्ति उसकी मातृशक्ति और ग्रामीण आजीविका से जुड़ी उद्यमिता में निहित है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पाद—हस्तशिल्प, पारंपरिक परिधान, जैविक उत्पाद, स्थानीय खाद्य सामग्री—न केवल रोजगार के अवसर बढ़ाते हैं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को भी सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन कर महिला समूहों की सराहना की और विपणन सहयोग, ब्रांडिंग तथा प्रशिक्षण के विस्तार का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा और महापौर विकास शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि गांधी पार्क में आयोजित यह मेला रुद्रपुर को सांस्कृतिक गतिविधियों का स्थायी केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मेले में विभिन्न जनपदों से आए स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। आगंतुकों की बड़ी संख्या ने स्थानीय शिल्प और व्यंजनों में विशेष रुचि दिखाई। सांस्कृतिक संध्या में लोकनृत्य, भजन और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को उत्सवी और आध्यात्मिक रंग प्रदान किया।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन 14 से 23 फरवरी तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ उद्यमिता से जुड़े संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
गांधी पार्क में प्रारंभ हुआ यह मेला केवल व्यापारिक गतिविधि , ग्राम्य अर्थव्यवस्था, संस्कृति और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प का सजीव प्रतीक बनकर सामने आया है।




