

नैनीताल,बीर भट्टी क्षेत्र के तोक में प्रकाश टेंट हाउस के पास उत्तराखंड क्रांतिदल के तत्वावधान में ‘हर घर चर्चा–हर घर पर्चा’ अभियान के अंतर्गत एक बैठक एवं जनसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया तथा दर्जनभर युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सभा के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य गठन के बाद बनी सरकारों ने उत्तराखंड की मूल भावना के अनुरूप कार्य नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि संसाधनों के दोहन और गलत नीतियों के कारण प्रदेश की सभ्यता, संस्कृति और आर्थिक ढांचा खतरे में है। उन्होंने मुफ्त राशन जैसी योजनाओं को दीर्घकालिक आर्थिक संकट से जोड़ते हुए कहा कि इससे न केवल प्रदेश बल्कि देश की अर्थव्यवस्था पर भी दबाव पड़ रहा है। उन्होंने केंद्र की विदेश व्यापार नीतियों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे देश में असमंजस की स्थिति बनी है।
डॉ. जंतवाल ने कहा कि उत्तराखंड को “उपनिवेश” की तरह चलाया जा रहा है और जल, जंगल, जमीन तथा स्थानीय संस्कृति पर बाहरी हस्तक्षेप बढ़ रहा है। उन्होंने भू-कानून के मुद्दे पर कहा कि दल लंबे समय से सख्त भू-कानून की मांग करता आया है, लेकिन वर्तमान कानून राज्य के हितों की पूर्ण रक्षा नहीं करता। उन्होंने युवाओं के पलायन को गंभीर समस्या बताते हुए आह्वान किया कि प्रदेश को बचाने के लिए युवा शक्ति को आगे आना होगा और UKD से जुड़कर आंदोलन को मजबूती देनी होगी।
अनुसूचित मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष रवि वाल्मीकि ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय दलों पर प्रदेश को बारी-बारी से नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर प्रशासनिक कार्रवाई में स्थानीय युवाओं के रोजगार और हक-हुकूक प्रभावित हो रहे हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह चौहान ने कहा कि दिल्ली से निर्देशित राजनीति के खिलाफ जनजागरण जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि उत्तराखंड आंदोलन की तर्ज पर घर-घर जाकर ‘हर घर चर्चा–हर घर पर्चा’ अभियान के माध्यम से समाज को जागरूक किया जाए।
सभा को केंद्रीय सचिव श्याम सिंह नेगी, केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट, मोहन सिंह नेगी, जिला महामंत्री पंडित हरिश वारीयाल, उत्तम बिष्ट, लीला बोरा, भुवन रावत सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन पान सिंह सिजवाली ने किया।
इस अवसर पर सुनील कुमार, चेतन सिंह नेगी, मोहित बिष्ट, शाहिद सहित कई युवाओं ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम में अनुसूचित मोर्चा के जिला सचिव प्रकाश आर्य, ज्योलीकोट के ग्राम प्रधान नवल कुमार, अमित सिंह बोरा, मनीष नॉन्टी, संजय बिष्ट, गुलाम अली, कैलाश जोशी, विष्णु दत्त जोशी, शोभा पांडे, चंद्रा वर्मा, मेनका बिष्ट, बंदना बिष्ट, सरस्वती देवी, सावित्री देवी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
‘हर घर चर्चा–हर घर पर्चा’ अभियान के माध्यम से UKD ने आगामी चुनावी रणनीति और जनसंपर्क को गति देने का संकेत दिया है।





