

इस बार कप्तान सूर्यकुमार यादव और कोच गौतम गंभीर थे. गंभीर ने कोच बनने के बाद से टीम इंडिया में कई बदलाव किए, जिसके चलते उन्हें काफी आलोचना भी झेलनी पड़ी, लेकिन जैसे ही टीम इंडिया ने खिताब जीता तो आलोचकों के मुंह बंद हो गए. यह जीत गंभीर के लिए बेहद खास रही. उनकी दो साल की मेहनत रंग लाई है. चैंपियन बनने के बाद जब गंभीर प्रेस कॉन्फ्रेंस करने आए तो उन्होंने अपने बयान से सभी का दिल जीत लिया. गंभीर ने इस जीत का क्रेडिट खुद नहीं लिया.

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
दरअसल, टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 का सरताज बनाने के बाद हेड कोच गौतम गंभीर अपने पुराने ‘अंदाज’ में नजर आए. न्यूजीलैंड को फाइनल में रौंदने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गंभीर ने दो टूक शब्दों में कहा कि वह केवल ड्रेसिंग रूम के प्रति जवाबदेह हैं, सोशल मीडिया के प्रति नहीं. जीत के जश्न के बीच गंभीर ने बड़प्पन दिखाते हुए अपनी इस कामयाबी को पूर्व कोच राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को समर्पित कर दिया. गंभीर ने कप्तान सूर्या की भी जमकर तारीफ की है.
द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित की ट्रॉफी
गौतम गंभीर ने कहा कि यह ट्रॉफी पूर्व कोच राहुल द्रविड़, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) के अध्यक्ष वीवीएस लक्ष्मण और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर को समर्पित है. उन्होंने कहा, ‘मैं यह ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करूंगा. राहुल भाई को भारतीय टीम को एक जगह पर लाने के लिए और लक्ष्मण को CoE में पाइपलाइन बनाने के लिए. अजीत अगरकर ने बहुत आलोचना झेली और बहुत ईमानदारी से काम किया. और जय भाई को भी धन्यवाद.’




