

रुद्रपुर। आज महाराजा अग्रसेन परिसर में आयोजित बैठक में पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी-उत्तराखण्ड के बैनर तले वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर गंभीर मंथन हुआ, जिसमें महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट का सहयोग भी प्रमुख रूप से देखने को मिला। बैठक का केंद्र बिंदु पेंशनरों की जमीनी समस्याएं, सरकारी उपेक्षा और सीनियर सिटीजन क्लब की स्थापना रहा।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने अपनी पीड़ा खुलकर रखी। पेंशन में देरी, महंगाई के अनुपात में पेंशन में बढ़ोतरी का अभाव, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, सरकारी अस्पतालों की बदहाल व्यवस्था और डिजिटल प्रक्रियाओं की जटिलता जैसे मुद्दे प्रमुख रूप से सामने आए।
सबसे ज्यादा आक्रोश “गोल्डन कार्ड” योजना को लेकर देखने को मिला। कई सदस्यों ने आरोप लगाया कि इस योजना के तहत उन्हें अपेक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। बैठक में यह तक कहा गया कि “सरकार ने गोल्डन कार्ड के नाम पर वरिष्ठ नागरिकों को ठगा है, इससे बेहतर तो निजी बीमा कराना होता।” इस टिप्पणी ने बैठक का माहौल गंभीर कर दिया और सरकार से तत्काल सुधार की मांग उठी।
वरिष्ठ नागरिकों ने यह भी कहा कि समाज के हर क्षेत्र में उनकी अनदेखी हो रही है। चाहे स्वास्थ्य सेवाएं हों, प्रशासनिक सुनवाई हो या सामाजिक सम्मान—हर जगह उन्हें संघर्ष करना पड़ रहा है।
इस अवसर पर प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. ललित मोहन उप्रेती ने कहा, “हमने अपना पूरा जीवन समाज और देश के लिए समर्पित किया है, लेकिन आज हमें ही बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। सरकार को चाहिए कि वह वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करे। गोल्डन कार्ड जैसी योजनाओं को प्रभावी बनाया जाए, नहीं तो यह केवल कागजों तक सीमित रह जाएगी।”
महासचिव पी.सी. शर्मा ने अपने वक्तव्य में कहा, “पेंशनरों को हर मोर्चे पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पेंशन समय पर नहीं मिलती, स्वास्थ्य सुविधाएं अधूरी हैं और सरकारी योजनाएं धरातल पर फेल साबित हो रही हैं। हम सरकार से अपेक्षा करते हैं कि वह हमारी समस्याओं को गंभीरता से ले और ठोस कदम उठाए।”
आनंद सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे जागरूक बनें, योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और दूसरों को भी लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि हर वर्ग तक सुविधा
S K नैय्यर ने सभा को संबोधित करते हुए अपने व्यक्तिगत प्रयासों से किए गए सामाजिक कार्यों की जानकारी दी। उनके कार्यों से प्रभावित होकर उपस्थित लोगों ने ध्वनि मत से उनकी सराहना की और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण को प्रेरणादायक बताया।
बैठक में सीनियर सिटीजन क्लब की स्थापना को लेकर भी सहमति बनी। इस क्लब में लाइब्रेरी, स्वास्थ्य परामर्श, सामाजिक संवाद और सांस्कृतिक गतिविधियों की सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए एक समिति का गठन भी किया गया।
यह बैठक जिस स्थान पर आयोजित हुई, वह भी अपने आप में सेवा का एक उदाहरण है। ट्रस्ट से जुड़े समाजसेवी एस.के. मित्तल द्वारा अपने निजी संसाधनों से भूमि खरीद से लेकर मेडिकल उपकरण की व्यवस्था , जहां इस प्रकार की सामाजिक गतिविधियां संचालित होती हैं।
मित्तल जी के नेतृत्व में महाराजा अग्रसेन ग्लोबल चैरिटेबल ट्रस्ट ने नेत्रदान, अंगदान, रक्तदान शिविर और स्वास्थ्य कैंप जैसे सैकड़ों जनहित कार्य किए हैं।
बैठक में मित्तल जी ने कहा, “हम बिना किसी सरकारी सहयोग के समाज सेवा कर रहे हैं। हमारा उद्देश्य केवल जनहित है, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार की ओर से हमें कोई सहयोग नहीं मिलता। फिर भी हम अपने प्रयासों को जारी रखेंगे, क्योंकि हमारा जीवन समाज और देश सेवा के लिए समर्पित है।”
उन्होंने आगे कहा कि ऐसे कार्य बहुत कम लोग कर पाते हैं, जो पूरी तरह निस्वार्थ भाव से समाज के लिए समर्पित हों।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि दोनों संस्थाएं मिलकर आगे भी सामाजिक कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाएंगी।
पेंशनर्स सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसायटी की बैठक सम्पन्न
नैनीताल व उधमसिंहनगर के सदस्यों की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एल. एम. उप्रेती की अध्यक्षता व महासचिव पी. सी. शर्मा के संचालन में एस. के. नैय्यर, डॉ. आर्थतोष पंत, जे. एन. चौधरी, एल. डी. पाण्डे ने विचार रखे।
उपस्थित: धीरेन्द्र बनकोटी, डॉ. हरिमोहन आर्य, जे. एस. पंगती, उमेश चन्द्र पाठक, अतुल जोशी, गोविन्द मेहता, श्रीकृष्ण मित्तल, फकीर सिंह, के. सी. पंत, विश्वनाथ शर्मा, कल्याण सिंह परिहार, एल. सी. तिवारी, आनन्द सिंह बिष्ट, एड. शंकर चक्रवर्ती, नारायण महाजन; महिला वर्ग—मालती चन्द्रायंत, बीना परगाई, चन्द्रप्रभा बिष्ट, गायत्री शर्मा, विमला शर्मा, विमला भण्डारी, पुष्पा भण्डारी।
मांगें: गोल्डन कार्ड में OPD सुविधा, मुफ्त दवा, चिकित्सा बिल शीघ्र भुगतान, DDO प्रक्रिया सरल।
समाजसेवी श्रीकृष्ण मित्तल द्वारा भोजन व्यवस्था पर आभार व्यक्त।




