रुद्रपुर में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: 25 हजार का इनामी शूटर गिरफ्ताररुद्रपुर। बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी

Spread the love


रुद्रपुर। बहुचर्चित पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी शूटर रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मध्य प्रदेश का रहने वाला है और घटना के बाद से लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचता फिर रहा था।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि 12 अक्टूबर 2020 को रुद्रपुर के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। सुबह करीब 9 बजे आई-10 कार में सवार बदमाशों ने धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझाकर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सिर, गले और सीने में लगने से धामी गंभीर रूप से घायल हो गए। जान बचाने के लिए भागने की कोशिश के बावजूद बदमाशों ने पीछा कर उनकी हत्या कर दी।
यह पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
राजनीतिक रंजिश और सुपारी किलिंग का मामला
जांच में सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश और क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का नतीजा थी। हत्या के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को करीब 4 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 7 आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की थी, जिनमें से 6 पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे।
ऐसे चढ़ा STF के हत्थे
एसटीएफ ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों और भौतिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। पिछले एक महीने से टीम उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। विश्वसनीय सूचना मिलने पर रुद्रपुर में घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसके बाद आरोपी को धर दबोचा गया।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे
गिरफ्तार आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित के खिलाफ मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मामले दर्ज हैं।
ऑपरेशन ‘प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय के ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत फरार और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यह गिरफ्तारी उसी अभियान की एक बड़ी सफलता है।

टीम को मिला श्रेय
इस कार्रवाई में एसटीएफ और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही, जिसमें निरीक्षक एमपी सिंह, उप निरीक्षक प्रकाश भगत, हेड कांस्टेबल गोविंद बिष्ट, सुरेंद्र कनवाल, दुर्गा सिंह पापड़ा, कांस्टेबल गुरवंत सिंह, मोहित वर्मा, प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उप निरीक्षक चंदन सिंह बिष्ट, अमित कुमार और रघुनाथ सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
स्थानीय मार्गदर्शिका:
रुद्रपुर जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और एसटीएफ की सतर्कता बेहद अहम है। नागरिकों से अपील है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर समय रहते रोक लगाई जा सके।


Spread the love