

भीमताल/हल्द्वानी।आगामी 2027 विधानसभा चुनावों से पहले भीमताल विधानसभा क्षेत्र में नशा उन्मूलन को लेकर एक अनोखी पहल सामने आई है। राज्य आंदोलनकारी एवं पूर्व दर्जा मंत्री हरीश पनेरू ने समाज को नशा और शराब से मुक्त करने के उद्देश्य से एक व्यापक जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान की औपचारिक घोषणा उन्होंने हल्द्वानी में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की।
हरीश पनेरू ने कहा कि वर्तमान समय में शराब और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर संकट बन चुकी है। इसके कारण जहां एक ओर कई परिवार बिखर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर सामाजिक ताना-बाना भी कमजोर हो रहा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि नशे की वजह से कई घरों की खुशियां उजड़ चुकी हैं और माताओं-बहनों को असहनीय पीड़ा झेलनी पड़ रही है।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
भीमताल में हरीश पनेरू द्वारा शुरू किए गए नशा मुक्ति अभियान ने भाजपा खेमे में हलचल बढ़ा दी है। धार्मिक प्रतीकों—गीता, गंगाजल और हनुमान चालीसा—के जरिए जनजागरण की यह पहल तेजी से जनता में पकड़ बना रही है। सूत्रों के अनुसार, भाजपा के स्थानीय नेता इसे राजनीतिक चुनौती के रूप में देख रहे हैं, क्योंकि यह अभियान सीधे सामाजिक मुद्दों को छू रहा है। 2027 चुनाव से पहले नशा मुक्ति का मुद्दा अब सियासी रंग लेता दिख रहा है, जिससे राजनीतिक समीकरण बदलने की आशंका जताई जा रही है।
उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड, जो सदियों से आध्यात्मिकता और संस्कृति की पहचान रही है, वहां इस प्रकार के दुष्प्रभाव चिंता का विषय हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने धार्मिक और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया है।
अपने अभियान की रूपरेखा साझा करते हुए पनेरू ने बताया कि वे भीमताल विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक गंगाजल की बोतल, श्रीमद्भगवद गीता के अंश और हनुमान चालीसा पहुंचाएंगे। उनका मानना है कि इन पवित्र ग्रंथों और प्रतीकों के माध्यम से लोगों में नैतिक जागरूकता बढ़ेगी और वे नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित होंगे।
पनेरू ने यह भी कहा कि इस अभियान को जनांदोलन का रूप देने के लिए वे जिलाधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों—विधायक, सांसद, मंत्री और मुख्यमंत्री तक अपनी बात पहुंचाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यदि समाज का हर वर्ग इसमें सहयोग करेगा, तो भीमताल को नशामुक्त बनाना संभव है।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि वे इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें और एक स्वस्थ, जागरूक एवं संस्कारित समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर योगी पुरुष बाबा दीन दयाल गिरी जी, बाबा मनमोहन गिरी महाराज, समाजसेवी सुशील भट्ट, तेज सिंह बिष्ट, पीसी शर्मा, नारायण सिंह बरगली, नवीन, नरेश और मनोज सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।




