पूर्व सैनिकों को नगर निगम की सौगात, सैनिक कल्याण परिसर में बनेगा आधुनिक शौचालय

Spread the love


रुद्रपुर। पूर्व सैनिकों की वर्षों पुरानी मांग आखिरकार पूरी होने जा रही है। नगर निगम रुद्रपुर ने सैनिक कल्याण विभाग परिसर में आधुनिक शौचालय निर्माण की सौगात दी है। महापौर विकास शर्मा ने पार्षद बीनू तथा पूर्व सैनिकों की उपस्थिति में विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस परियोजना पर लगभग चार लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)


बताया गया कि वर्ष 2002 से सैनिक कल्याण विभाग परिसर में सार्वजनिक शौचालय की कोई व्यवस्था नहीं थी। अपने कार्यों और समस्याओं के समाधान के लिए यहां पहुंचने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, उनके परिजनों और अन्य नागरिकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विशेष रूप से बुजुर्ग पूर्व सैनिकों और महिलाओं के लिए यह समस्या लंबे समय से गंभीर बनी हुई थी। अब नगर निगम की पहल से इस समस्या का समाधान होने जा रहा है।
शिलान्यास कार्यक्रम के बाद आयोजित सभा में महापौर विकास शर्मा ने पूर्व सैनिकों से संवाद करते हुए उनकी अन्य समस्याओं को भी सुना। उन्होंने नगर निगम की विभिन्न विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए सुझाव भी आमंत्रित किए।
महापौर ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने अपना जीवन देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित किया है। ऐसे वीरों का सम्मान करना और उनकी मूलभूत सुविधाओं का ध्यान रखना समाज का दायित्व है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम भविष्य में भी पूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए हरसंभव प्रयास करता रहेगा।
इस अवसर पर कर्नल चंद्र प्रकाश कोठारी, सूबेदार मेजर खड़क सिंह कार्की, कैप्टन धन सिंह कोरंगा, सूबेदार भगवान सिंह, सूबेदार दरबान सिंह, डिप्टी कमांडेंट गोविंद भंडारी, हवलदार मदन पांडे, नायक मान सिंह मेहता, शेखर जोशी, हवलदार तारा सिंह राणा, मान सिंह खड़ायत, करम सिंह डागी, बिशन सिंह रावत और सहायक सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन सुंदर सिंह सहित कई पूर्व सैनिक मौजूद रहे। सभी ने नगर निगम की इस पहल का स्वागत करते हुए आभार जताया।


Spread the love