रुद्रपुर। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ रही उमस के बीच शहर में हो रही अघोषित विद्युत कटौती को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और कांग्रेस कार्यकर्ता नवोदय पावर हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अधिकारियों का घेराव किया।
प्रदर्शनकारियों ने एसडीओ फरमान जैदी और अवर अभियंता अरुण राठौर को मौके पर घेरकर विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई। इस दौरान बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और अघोषित कटौती, लो वोल्टेज तथा शिकायतों के समाधान में हो रही देरी को लेकर अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई गई।
घेराव के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि एक ओर आसमान से आग बरस रही है और तापमान 44 डिग्री के पार पहुंच चुका है, वहीं दूसरी ओर बिजली विभाग की लापरवाही से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि घंटों की कटौती के कारण लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ठुकराल ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के पास फॉल्ट ठीक करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और अधिकारी भी जनता की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुन रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द अघोषित विद्युत कटौती बंद नहीं की गई और लो वोल्टेज की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में मुख्य रूप से ललित सिंह बिष्ट, लाल अहमद, आनंद शर्मा, सोहेल अहमद, बंटी मक्कड़, अजय नारायण सिंह, इरफान, इरफान खान, पप्पू कोली, अमित कोली, राजेश गर्ग, राजेश ग्रोवर सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय निवासी और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अघोषित विद्युत कटौती पर भड़के पूर्व विधायक ठुकराल, पावर हाउस में किया प्रदर्शन
