हादसे में एक महिला यात्री की मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।
हादसा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब श्रद्धालुओं से भरा टेंपो ट्रैवलर बदरीनाथ धाम की ओर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, पैनी के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेंपो ट्रैवलर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
वाहन में कुल 18 थे सवार
सूचना मिलने पर पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। घायलों को वाहन से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। हादसे में घायल हुए कई यात्रियों को हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
गाजियाबाद से बदरीनाथ जा रहा था वाहन
पुलिस के अनुसार वाहन में चालक समेत 18 लोग सवार थे। सभी यात्री गाजियाबाद से बदरीनाथ धाम के दर्शन के लिए निकले थे। दुर्घटना में 44 वर्षीय आरती की मौत हो गई, जबकि अन्य यात्रियों का इलाज चल रहा है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
देवप्रयाग में भी हादसे में राजस्थान के तीन लोगों की मौत
इससे पहले मंगलवार को भी उत्तराखंड में टिहरी जिले के देवप्रयाग में एक टैक्सी के अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में गिर गई थी उसमें सवार राजस्थान के तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गयी और चार अन्य लापता हो गए थे। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सैनिक होटल के समीप हुई इस दुर्घटना में 12 वर्षीय एक बालक गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसे उपचार के लिए पौड़़ी जिले के श्रीनगर बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
चारधाम दर्शन के लिए एसओपी
चारधाम यात्रा में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनज़र उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को दर्शन व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए एक विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
चारधाम में रिकॉर्डतोड़ भीड़
बता दें कि चारधाम यात्रा के शुरूआती 44 दिनों में ही रिकॉर्ड 29.85 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए आ चुके हैं जो पिछले वर्ष की इस अवधि की तुलना में तीन लाख से भी अधिक है। पिछले साल शुरूआती 44 दिनों में यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 26.34 लाख था।
