इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मां गंगा से देश की निरंतर प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण की प्रार्थना भी की। इस दौरान उनके साथ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा सहित मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। इसके बाद प्रदेश मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक हरिद्वार स्थित सीसीआर सभागार में शुरू हुई।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर
उत्तराखंड बनने के बाद हरिद्वार में तीसरी कैबिनेट बैठक
हरिद्वार में राज्य बनने के बाद यह तीसरी कैबिनेट बैठक हो रही है। इससे पहले 2010 में कुंभ के दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक की अध्यक्षता में हर की पौड़ी पर कैबिनेट बैठक आयोजित हुई थी। 2016 में अर्धकुंभ से पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत की अध्यक्षता में सीसीआर में कैबिनेट की बैठक आयोजित हुई थी।
अर्धकुंभ मेला-2027 की तैयारियों के लिहाज से हरिद्वार में होने वाली इस बैठक को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अर्धकुंभ के भव्य और दिव्य आयोजन के लिए बुनियादी सुविधाओं के विकास, व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और विभिन्न निर्माण कार्यों को गति देने के दृष्टिकोण से बैठक पर सबकी निगाहें रहेंगी।
अर्धकुंभ के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करना सरकार और मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके अलावा बैठक में प्रदेश के शीतकालीन विधानसभा सत्र की तिथियों और कार्यक्रम को लेकर भी निर्णय लिया जा सकता है।
इसके साथ ही विधानसभा के आगामी सत्र के आयोजन को लेकर भी मुहर लग सकती है। यह सत्र गैरसैंण में 21 से 24 अक्टूबर तक हो सकता है। चंपावत के बाद अब हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक की पहल को शासन के विकेंद्रीकरण और प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक में आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत मेला क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े विषयों पर निर्णय लिए जा सकते हैं। राज्य में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने के उद्देश्य से उनके लिए अलग कैडर गठित करने के प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल निर्णय ले सकता है।
दिल्ली जाएंगे सीएम
कैबिनेट की बैठक के बाद मुख्यमंत्री धामी दिल्ली रवाना हो जाएंगे। शाम साढ़े चार बजे वह दिल्ली में केंद्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात करेंगे।
