मौसम विभाग के मुताबिक, दून में दिन और रात के पारे में 13.5 डिग्री तक का फर्क है। आईएमडी ने आज पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी जिलों में बारिश की संभावना जताई है।
हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स अवतार सिंह बिष्ट उत्तराखंड | देश-दुनिया की खबरों पर नजर
दून और आसपास के इलाकों में मौसम के मिजाज में आ रहे बदलाव के कारण दिन और रात के तापमान में भारी अंतर दर्ज किया जा रहा है। दून में दिन के समय खिली कड़क धूप के चलते बीते 24 घंटे में पारा ढाई डिग्री उछलकर 30.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 16.8 डिग्री दर्ज किया गया।
दून में दिन-रात के पारे में 13.5 डिग्री का अंतर
दिन और रात के पारे में साढ़े तेरह डिग्री सेल्सियस के इस बड़े अंतर के चलते शहर में वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और गले के संक्रमण का खतरा काफी बढ़ गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी तापमान में ऐसा ही उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. कुमार जी कौल ने सावधानी बरतने को कहा है।
सात जिलों में बारिश व बर्फबारी का अनुमान
मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक मंगलवार को राज्य के सात जनपदों देहरादून, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल एवं पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। वहीं 3500 मीटर व इससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने की संभावना है।
