एक जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर प्रदेशभर में यह अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने, संशोधन करने और अपात्र नामों को हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अवतार सिंह बिष्ट,हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स | उत्तराखंड, देश-दुनिया और जन सरोकारों की खबरों पर नजर
सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तु दास ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुनरीक्षण अभियान का पूरा कार्यक्रम तय कर दिया गया है।
निर्वाचन आयोग की युवाओं से अपील
निर्वाचन विभाग ने राज्य के सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने जा रहे युवाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराएं। एसएसआर एक वार्षिक व नियमित प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य मौजूदा मतदाता सूची को अपडेट करना, गलतियां सुधारना और नए पात्र मतदाताओं का नाम जोड़ना है। वहीं, एसआईआर का उद्देश्य मतदाता सूची की नए सिरे से गहन जांच करना होता है।
इस तरह से चलेगा अभियान
12 नवंबर: मतदाता सूची के ड्राफ्ट रोल (प्रारूप) का प्रकाशन किया जाएगा।
12 नवंबर से 11 दिसंबर: इस अवधि के दौरान आम नागरिक मतदाता सूची से जुड़े अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
28 दिसंबर तक: प्राप्त हुए सभी दावों और आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
4 जनवरी 2027: सभी संशोधनों के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
नए मतदाता ऐसे करें आवेदन
यदि आप पहली बार मतदाता बनने जा रहे हैं तो आवेदन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों प्रक्रिया अपना सकते हैं।
ऑफलाइन आवेदन: बूथ लेवल अधिकारी या मतदाता सुविधा केंद्र से फॉर्म-06 प्राप्त करें। इसे भरकर पासपोर्ट फोटो और आवश्यक दस्तावेजों की प्रति संलग्न कर बीएलओ के पास जमा कर दें।
ऑनलाइन आवेदन: इसके लिए आप ईसीआई के वोटर सर्विस पोर्टल voters.eci.gov.in या Voter Helpline App पर जाएं। रजिस्टर/लॉगिन करके फॉर्म-6 चुनें। मांगी गई जानकारी भरें, पहचान व निवास प्रमाण पत्र अपलोड कर सबमिट कर दें।

