

भारतीय बल्लेबाजों का औसत स्ट्राइक रेट 138 है। यह स्थिति तब है जब भारतीय टीम ने इस क्रिकेट चक्र में 45 फीसद टी-20 मैच घर पर खेले हैं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
चेपॉक में खेला जाएगा मैच
भारतीय टीम को सेमीफाइनल में जगह पक्की करने के लिए गुरुवार को चेपक स्टेडियम में जिंबाब्वे को बहुत बड़े अंतर से हराना होगा और इसके बाद कोलकाता में खतरनाक वेस्टइंडीज को भी परास्त करना होगा। यही नहीं उसे बाकी मैचों के रिजल्ट पर भी नजर रखनी होगी। दक्षिण अफ्रीका से 76 रन से मिली हार के बाद भारत का नेट रन रेट -3.80 हो गया है।
अगर गुरुवार को दोपहर में होने वाले मैच में वेस्टइंडीज ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया तो भारत के रास्ते और मुश्किल हो जाएंगे। तब हमें जिंबाब्वे से अगले मैच में दक्षिण अफ्रीका को हराने की उम्मीद करनी होगी।
बदलाव की तैयारी
बुधवार को बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक की प्रेस कांफ्रेंस के बाद ये तो समझ आ गया कि भारतीय टीम अगले मैच में बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करेगी। इस मैच में संजू सैमसन, ईशान किशन या अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग कर सकते हैं जिससे दो बाएं हाथ के बल्लेबाज की जगह भारत के पास बाएं-दाएं का संयोजन हो जाएगा।
हालांकि दाएं हाथ के बल्लबाज संजू भी अच्छी फार्म में नहीं हैं लेकिन उनके आने से ऊपरी क्रम में एक दाएं हाथ का बल्लेबाज हो जाएगा जिससे विपक्षी टीम को रणनीति बनाने में कुछ मेहनत करनी होगी। अभिषेक या ईशान में एक ओपनिंग में उतरेगा, दूसरा तीसरे नंबर पर उतरेगा। कप्तान सूर्य कुमार यादव चौथे नंबर पर उतरेंगे।
रिंकू सिंह ने नहीं किया अभ्यास
बीमार पिता को देखने ग्रेटर नोएडा गए रिंकू सिंह ने दो दिन अभ्यास नहीं किया। ऐसे में अगर वह बाहर रहते हैं तो तिलक वर्मा को पांचवें नंबर पर उतारा जा सकता है। वह मुंबई इंडियंस के लिए इसी नंबर पर बल्लेबाजी करते हैं। हालांकि, मैच की परिस्थिति के हिसाब से हार्दिक पांड्या और शिवम दुबे में से भी कोई पांचवें नंबर पर उतर सकता है। इसके अलावा अंतिम एकादश में वॉशिंगटन सुंदर की जगह उपकप्तान अक्षर पटेल की वापसी तय नजर आ रही है।
अभिषेक को करना होगा बेहतर
विश्व कप से पहले सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा शानदार फार्म में थे लेकिन पेट में संक्रमण के बाद से उनकी लय खो गई है। वह ऑफ स्पिनरों के सामने वह फंसे-फंसे से नजर आ रहे हैं। वह इस टूर्नामेंट में चार मैचों में 75 के स्ट्राइक रेट और 3.75 के औसत से सिर्फ 15 रन ही बना सके हैं।
अभिषेक की शैली में ही खेलने वाले इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने अपने खेल में बदलाव करके पाकिस्तान के विरुद्ध शतक लगाया। ब्रूक को स्पिनरों को खेलने में दिक्कत होती है लेकिन पिछले मैच में उन्होंने पाकिस्तानी स्पिन आक्रमण की बखिया उधेड़ दी। उन्होंने रक्षात्मक और आक्रामक बल्लेबाजी का अच्छा तालमेल पेश किया।
तिलक बने कमजोर कड़ी
इतना तो तय लग रहा है कि तिलक इस मैच में तीसरे नंबर पर नहीं खेलेंगे। उनको एकादश में भी तभी जगह मिलेगी जब रिंकू इस मुकाबले में नहीं खेल सकेंगे। तिलक अपने प्रदर्शन में सुधार करना होगा। बुधवार को हुए वैकल्पिक अभ्यास सत्र में सिर्फ तिलक और वरुण चक्रवर्ती ही आए थे। इससे पता चलता है कि तिलक की कमजोरियों को खत्म करने में भारतीय टीम प्रबंधन जुटा हुआ है। उनको भी ऑफ स्पिनर के सामने काफी बल्लेबाजी कराई गई।
पिछले मैच में वरुण की भी कसकर धुलाई हुई थी, इसलिए उनको भी गेंदबाजी का अभ्यास कराया गया। ईशान ने इस टूर्नामेंट में 193 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए लेकिन न ही उन्हें अभिषेक का साथ मिला, न ही तिलक का। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 180 रन बनाए हैं लेकिन उनका स्ट्राइक रेट 127 रहा है जो उनके टी-20 करियर के 161 के स्ट्राइक रेट से काफी कम है।
भारत के लिए यह भी परेशानी की एक वजह है। हर जगह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ देखे जा रहे आलराउंडर हार्दिक पांड्या को फंसे हुए मैचों में बड़ा स्कोर करना होगा। उन्हें पवेलियन जाने की जल्दबाजी नहीं दिखानी होगी।
जिंबाब्वे को हल्के में नहीं ले सकते
जिंबाब्वे की टीम को हल्के में नहीं ले सकते। वह ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका को हराकर यहां तक पहुंची है। उसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया की टीम का सफर पहले ही दौर में खत्म हो गया। उसके तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी, एनगारावा और ब्राड इवांस भारतीय बल्लेबाजों को कड़ी चुनौती दे सकते हैं। कप्तान सिकंदर रजा भारतीय टीम के सामने स्पिन से शुरुआत कर सकते हैं।
भारतीय टीम
सूर्य कुमार यादव (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, संजू सैमसन, मोहम्मद सिराज, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह।
जिम्बाब्वे टीम
सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, बेन कुरेन, ब्रैड इवांस, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तदिवानाशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजाराबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड एनगारवा।
बल्लेबाजों को मदद करेगी पिच
चेपक की पिच पूरी तरह से सफेद नजर आ रही है। इस पर बल्लेबाजों को मदद मिलेगी। रात को ओस भी अच्छी खासी गिर रही है। ऐसे में टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करना चाहेगा।
आमने-सामने
- कुल मैच : 13
- भारत जीता : 10
- जिम्बाब्वे जीता : 3




