डेविड बेकहम ने जीता साइकिलिंग में स्वर्ण रुद्रपुर (उत्तराखंड)Ü, संवाददाता। अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के साइकिलिस्ट डेविड बेकहम एल्काटोचून्गो ने मंगलवार को राष्ट्रीय खेलों की पुरुषों की इलीट स्प्रिंट स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीत लिया।

Spread the love

कड़ी टक्कर हुई : यहां नए शिवालिक वेलोड्रोम में प्रतिस्पर्धा कर रहे देश के साइकिलिंग के तीन सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली जिसमें अंतत: डेविड बेकहम शीर्ष पर रहे। 21 साल के डेविड बेकहम ने दो लैप की स्पर्धा 10.691 सेकंड के समय से जीती। मणिपुर के लेतोनजाम रोनाल्डो सिंह (10.724 सेकंड) और अंडमान एवं निकोबार के ही एसो एल्बेन (10.826 सेकंड) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

पिता महान फुटबॉलर के प्रशंसक : भारत के स्टार साइकिलिस्ट को यह नाम उनके पिता ने दिया था। वह खुद एक ‘स्ट्रीट फुटबॉलर थे और इंग्लैंड के महान पूर्व कप्तान डेविड बेकहम के प्रशंसक थे। भारतीय साइकिलिस्ट जब 2022 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए ब्रिटेन गए थे तो वहां के आव्रजन अधिकारी तब हैरान रह गए जब इस खिलाड़ी ने उन्हें अपना नाम बताया। पासपोर्ट को दो बार जांचने के बाद आव्रजन अधिकारियों ने उन्हें देश में प्रवेश की मंजूरी दी।

अन्य स्पर्धाओं में कर्नाटक की कीर्ति रंगास्वामी ने महिला इलीट स्क्रैच 10 किमी रेस में स्वर्ण पदक जीता। असम की चयानिका गोगोई को रजत जबकि हरियाणा की मीनाक्षी को कांस्य पदक मिला। पुरुष इलीट स्क्रैच रेस (15 किमी) में सेना के साहिल कुमार ने स्वर्ण हासिल किया। केरल के अद्वैथ शंकर और सेना के कृष्णा नयाकोडी ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीते।

महिला इलीट स्प्रिंट में महाराष्ट्र की श्वेता बालू गुंजल ने 12.745 सेकंड के समय के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अंडमान एवं निकोबार की सेलेस्टिना (12.848 सेकंड) ने दूसरा जबकि दिल्ली की त्रियाशा पॉल (12.799 सेकंड) ने तीसरा स्थान हासिल किया।


Spread the love