फर्जीवाड़ा खत्म करो!” – जिलाधिकारी का बड़ा आदेश, बाहरी घुसपैठियों पर चलेगा बुलडोजर, अपात्रों के कार्ड होंगे रद्द

Spread the love

रूद्रपुर,28अप्रैल2025।-जिलाधिकारी का बड़ा आदेश, बाहरी घुसपैठियों पर चलेगा बुलडोजर, अपात्रों के कार्ड होंगे रद्द

संवाददाता,शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स /उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)संवाददाता

जनपद ऊधमसिंह नगर में सरकारी योजनाओं के नाम पर जारी फर्जीवाड़े पर अब जिला प्रशासन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। सोमवार को जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने साफ शब्दों में कहा — “अब बाहरी घुसपैठियों और अपात्र लाभार्थियों की खैर नहीं।”

जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंगलवार से जिलेभर में व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जायेगा। अपात्र और बाहरी लोगों के आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज खंगाले जाएंगे और गलत पाए जाने पर तत्काल निरस्त किये जाएंगे।

फर्जी कार्ड बनाकर सरकारी योजनाओं को लूटने वालों पर बड़ी कार्रवाई
भदौरिया ने सख्त लहजे में कहा कि अपात्र व बाहरी लोग योजनाओं का लाभ उठाकर वास्तविक जरूरतमंदों का हक छीन रहे हैं। अब ऐसे फर्जीवाड़े को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सत्यापन के बाद फर्जी लाभार्थियों के कार्ड रद्द कर वास्तविक पात्रों के नये कार्ड बनाये जाएंगे ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही हाथों तक पहुंचे।

खोखा-फड़ वालों पर भी सख्ती, लाइसेंस दिखाना अनिवार्य
जिला प्रशासन ने खोखा, फड़ और रेड़ी लगाने वालों को भी चेतावनी दी है। अब सभी फड़ संचालकों को अपने लाइसेंस का प्रदर्शन करना अनिवार्य होगा। अवैध संचालन करने वालों पर सख्त कार्यवाही होगी और अतिक्रमण हटाया जाएगा।

अवैध कॉलोनियों पर चलेगा बुलडोजर
जिलाधिकारी ने जिला विकास प्राधिकरण और उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत कॉलोनियों पर विशेष अभियान चलाकर जांच करें और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर चलवाकर ध्वस्तीकरण करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस का पूरा सहयोग इस अभियान में रहेगा।

खाद्य पदार्थों की लूट बंद होगी, सरकारी जमीन पर नजर
भदौरिया ने खाद्य पदार्थों में ओवररेटिंग को रोकने के निर्देश भी दिये हैं। साथ ही सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों पर सख्त निगरानी रखने और तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जनहित सर्वोपरि: गर्मी में पेयजल व बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के आदेश
जिलाधिकारी ने ग्रीष्मकालीन सीजन को देखते हुए सभी अधिकारियों को पेयजल आपूर्ति बनाए रखने, अनावश्यक विद्युत कटौती से बचने और वैकल्पिक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य व निकाय विभाग को सोर्स डिटेक्शन का अभियान चलाने के निर्देश दिए।

बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी
इस महत्वपूर्ण बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, जिला विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष जय किशन, अपर जिलाधिकारी अशोक कुमार जोशी, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उप जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, मनीष बिष्ट, अभय प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। उप जिलाधिकारी और खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक से जुड़े।

पहले भी सत्यम पोर्टल पर उठ चुका है मुद्दा,गौरतलब है कि बाहरी और फर्जी लाभार्थियों की समस्या को सत्यम पोर्टल पर पहले ही उजागर किया जा चुका है। अब जिलाधिकारी के नए सख्त आदेश के बाद जनपद में एक बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद की जा रही है। जनता को भी अपात्रों के खिलाफ अभियान में सहयोग करने का आह्वान किया गया है।



Spread the love