उत्तराखंड में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी बानगी हरिद्वार स्थित रानीपुर मोड़ में दिनदहाड़े अति व्यस्त बाजार में जो खुली डकैती पड़ी है.

Spread the love

   उसमे देखी गई और ऐसा लगा जैसे डकैत लूट करने ना आए हो किसी का हाल चाल पूछने के लिए आए हो. ऐसे निकल कर चले गए और अभी तक कोई भी पकड़ा नहीं जा सका है. यह बानगी है और किस तरफ हम जा रहे हैं उसको दर्शाता है.

नेपाल बॉर्डर पर कारतूस के साथ विधायक के भाई के पकड़े जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा यह केवल एक कारतूस पकड़ने का मामला नहीं है. नेपाल से हमारे रिश्ते बहुत संवेदनशील है और वह क्षेत्र भी संवेदनशील है. यह आंतरिक सुरक्षा और देश के संबंधों से जुड़ा हुआ बहुत ही नाजुक मामला है. बड़ा ही पेचीदा मामला है और इसमें सत्ता जिस प्रकार से इसको हजम करने की कोशिश कर रही है, वह चैतन्य है.

‘वह महिला स्वाभिमान की प्रतीक’
हरियाणा में चुनाव प्रचार शुरू हो गया है, जिस पर हरीश रावत ने कहा हम हरियाणा भी जीतेंगे. हमारा गठबंधन जम्मू कश्मीर भी जीतेगा और हम उत्तर प्रदेश में भी उपचुनाव जीतेंगे. उसके बाद आने वाले महाराष्ट्र, झारखंड आदि भी चुनाव भी कांग्रेस जीतेंगी. उत्तराखंड में केदारनाथ और साथ ही नगर पंचायत नगर निगम के चुनाव भी कांग्रेस जीतेगी. हरियाणा में कांग्रेस द्वारा दो खिलाड़ियों को चुनावी मैदान में उतारा गया है. जिस पर हरीश रावत ने बोलते हुए कहा जो विनेश फोगाट है. वह महिला स्वाभिमान की प्रतीक है. मैं उनको बधाई देता हूं.

गठबंधन हो जाएगा
हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन पर हरीश रावत ने कहा गठबंधन हो जाएगा. जब एक साथ हैं तो देर सवेर कभी ना कभी हो ही जाती है. हमारे नेता ने कह दिया, हमको मिलकर के साथ चलना चाहिए तो रास्ता खुद निकालना पड़ेगा. हरीश रावत ने कहा की आम आदमी पार्टी भी समझनी पड़ेगी. गठबंधन के अंदर कभी-कभी कुछ चीज हैं जो समझ नहीं पड़ती है और हरियाणा के अंदर कांग्रेस ही मेजर सोर्स है, हां आपका सहयोग चाहिए ताकि एक बहुत अच्छा बहुमत मिल सके.

इस दौरान कई कांग्रेसी बैरिकेडिंग कूदकर कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंच गए। वहीं डीएम को ज्ञापन देते समय पुलिस और कांग्रेसियों के बीच जमकर नोकझोंक व धक्का-मुक्की हुई। जनसभा में पहुंचे कांग्रेस के दिग्गजों ने कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव आपसी मतभेदों को भुलाकर एकजुटता के साथ लड़ने का आह्वान किया । सोमवार को महिला उत्पीड़न एवं भाजपा सरकार की जन विरोधी नीतियों को लेकर पूर्व प्रस्तावित कार्यक्रम में जिलेभर से बड़ी संख्या में कांग्रेसी पहुंचे। मेन रोड से जुलूस की शक्ल में कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से गेट बंद किए थे। इस पर कांग्रेसियों ने गेट के बाहर ही बनाए गए मंच से जनसभा शुरू कर दी। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि पूरे राज्य में महिलाओं के प्रति लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं। देहरादून से लेकर पहाड़ तक महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं। आए दिन दुष्कर्म और हत्या की घटनाएं सामने आ रही हैं। भाजपा महिलाओं की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। खनन निजी हाथों में देकर राज्य को लूटा जा रहा है। सरकारी जमीनों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। जो सीलिंग की भूमि भूमिहीनों को देनी चाहिए थी, वह बिल्डरों को दी जा रही है। कहा कि बाजपुर के किसानों को गांव की जमीन तत्काल दी जाए। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दल के नेता बंगाली समुदाय की आस्था पर चोट कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने सिडकुल की स्थापना की थी तो 70 प्रतिशत स्थानीय लोगों को रोजगार देना सुनिश्चित किया था, लेकिन सारी व्यवस्था ठेकेदारी प्रथा में बदल चुकी हैं। जनसभा के बाद कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट कूच किया। कांग्रेसी जबरन बंद गेट खुलवाकर परिसर में दाखिल हो गए। इस पर कांग्रेसियों की पुलिस से नोकझोंक के साथ धक्का-मुक्की हो गई। ज्ञापन लेने पहुंचे डीएम को पर भी कांग्रेसी बरसे।

राहुल गांधी के नेतृत्व में नए भारत का हो रहा उदय : हरीश रावत

रुद्रपुर। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जब तक भाजपा की सत्ता को उखाड़ कर नही फेंक देते, तब तक हम चुप नही बैठेंगे। परिवर्तन का चक्र चल पड़ा है। राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नए भारत का उदय हो रहा है। पूरा हिन्दुस्तान नये युग की कल्पना कर रहा है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर, हरियाणा, महाराष्ट्र, झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ऐतिहासिक जीत हासिल करेगी और आने वाले नगर निकाय, पंचायत के चुनाव में भी कांग्रेस अपना परचम लहराएगी। कहा कि भाजपा के जुल्मों के खिलाफ पहाड़ से लेकर तराई तक भाजपा हटाओ अभियान शुरू हो चुका है और यह लड़ाई अब नहीं रुकेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में दलितों, अल्पसंख्यकों, किसानों, महिलाओं, व्यापारियों, कर्मचारी सभी वर्गों का उत्पीड़न किया जा रहा है और उत्तराखंड की धरती अब यह अपमान और नहीं सहेगी। रावत ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो हर एक से हिसाब मांगा जाएगा।

नदियों को खोद रहे बाहर से आए लोग: आर्य

रुद्रपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि नदियां, जंगल, पानी हमारे हैं। बाहर से आए लोग जंगल को खरीद रहे हैं। नदियों को खोद रहे हैं। केदारनाथ, टिहरी और जोशीमठ का अस्तित्व खतरे में है। आपदा से पूरा प्रदेश जूझ रहा है, विस्थापन नहीं हो रहा है। नौजवानों के हाथों में काम नहीं है। वे पलायन कर रहे हैं। खेतों में किसान अपने हक के लिए लड़ रहा है। मालिकाना हक की बात करें तो भूमिधरी के अधिकार के लिए मांग की जा रही है, सरकार सुन नहीं रही है। बंगाली समुदाय के लिए प्रदेश के विधायक शर्मनाक बयान देते है। यदि कोई विधायक गलत बयान देता है तो सरकार को स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने कहा कि बंगाली समाज की हर लड़ाई में कांग्रेस उसके साथ खड़ी है। लोकसभा व विधानसभा चुनाव में बंगाली समुदाय ने पूरा समर्थन भाजपा को दिया। आखिर तिरस्कार, अपमान बर्दाश्त करना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले भी मजबूत थी, आज भी मजबूत है। हक की लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस हर कार्यकर्ता के साथ खड़ी है।

महिला उत्पीड़न के मामले में उत्तराखंड पहले स्थान पर: माहरा

रु़द्रपुर। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि नौ हिमालयी राज्यों में महिला उत्पीड़न के मामले में उत्तराखंड पहले स्थान पर है। अंकिता भंडारी हत्याकांड, हरिद्वार में 14 वर्षीय किशोरी की हत्या, लालकुआं, सल्ट में जितने अपराध हुए, सभी में भाजपा के कथित नेता शामिल हैं। यूकेएसएसएससी भर्ती घोटाला, पटवारी पेपर लीक के मामले में भाजपा का नाम आया है। रुद्रपुर में नर्स हत्याकांड में पुलिस लीतापोती में जुटी है। उन्होंने कहा कि राज्य की पुलिस बेलगाम हो चुकी है। किसानों को आंदोलन के बाद झूठे मुकदमे में फंसाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसी एकजुट हो चुके हैं और आने वाले समय में भाजपा को उखाड़ सकेंगे। कहा कि 2027 में सरकार कांग्रेस की आएगी, तभी किसान व बेटियां सुरक्षित रहेंगी।

देवभूमि में सुरक्षित नही महिलाएं-बेटियां: बेहड़

रुद्रपुर। किच्छा विधायक तिलकराज बेहड़ ने कहा कि जिले में महिलाओं के प्रति अपराध निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। महिलाओं के साथ रेप व उनकी हत्या सामान्य बात हो गयी है। उन्होंने कहा कि देवभूमि में महिलाएं व बेटियां सुरक्षित नहीं है। कहा कि अंकिता भंडारी जैसी घटना से भी राज्य की पुलिस ने कोई सबक नहीं लिया है। राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। उधमसिंह नगर में डकैती, चोरी, वाहन लूट, महिला अपहरण और दुष्कर्म की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही हैं। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। खनन को निजी हाथों में देकर खनन का एकाधिकार कर दिया गया है। सरकारी जमीनों को मोटी रकम लेकर बेचा जा रहा है और तो और सीलिंग की जमीन जो भूमिहीन को दी जानी चाहिए थी, वह भी बिल्डरों को दी जा रही है। निजी जमीनों पर पैसे लेकर कब्जे करवाये जा रहे हैं। प्रदेश में कमीशनखोरी चरम पर है।


Spread the love