
गुप्तकाशी।जीवन निर्माण एजुकेशन सोसाइटी ने अपनी परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी संस्था के प्रेरणास्रोत, विख्यात फ्रांसीसी लेखक, साहित्यकार एवं मनोचिकित्सक डाॅ. जैक्स वीन के जन्मदिन पर “खेल एवं प्रतिभा सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन किया। चार दिवसीय इस आयोजन के अंतिम दिन, मुख्य समारोह का शुभारंभ विधायक आशा नौटियाल व पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल सहित विशिष्ट अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया।


प्रिंट मीडिया, शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/संपादक उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)
समारोह में शैक्षिक सत्र 2024-25 में अपनी-अपनी कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, ब्लॉक, जनपद व राज्य स्तर पर विभिन्न गतिविधियों में विद्यालय का प्रतिनिधित्व करने एवं खेल प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि के हाथों पुरस्कृत किया गया।
गढ़वाली साहित्य के सपूत को मिला “उत्तराखंड कविकुलतिलक शिरोमणि” सम्मान
संस्था ने इस अवसर पर गढ़वाली भाषा के संरक्षण एवं साहित्य के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए प्रसिद्ध कवि ओमप्रकाश सेमवाल को “उत्तराखंड कविकुलतिलक शिरोमणि सम्मान 2025” से सम्मानित किया। इसके साथ ही, क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के लिए मदन अग्रवाल और शतरंज में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शौर्य नेगी को सम्मान पत्र, स्मृति चिह्न एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
प्रतिभाओं को मिला सम्मान, अतिथियों ने बढ़ाया हौसला
मुख्य अतिथि विधायक आशा नौटियाल ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और विद्यालय का प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम अध्यक्ष वाचस्पति सेमवाल ने सभी अतिथियों का अभिनंदन करते हुए डाॅ. जैक्स वीन को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और उनकी हिंदू संस्कृति के प्रति गहरी आस्था की सराहना की।
गढ़वाली कवि ओमप्रकाश सेमवाल ने अपने सम्मान पर हर्ष जताते हुए कहा कि संस्था के संस्थापक लखपत सिंह राणा ने शिक्षा की ज्योत जलाने में अहम भूमिका निभाई है। संस्था के चेयरपर्सन मनोज बेंजवाल ने डाॅ. जैक्स वीन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय की उपलब्धियों को रेखांकित किया।
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रधानाचार्य लखपत सिंह राणा ने कहा कि डाॅ. जैक्स वीन की भारतीय संस्कृति और परंपराओं के प्रति गहरी रुचि और प्रेम ही उनकी प्रेरणा बने, जिससे इस विद्यालय की स्थापना संभव हुई।
समारोह में जुटे गणमान्य व्यक्ति
इस कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष ऊखीमठ कुब्जा धर्मवाण, डॉ. कैलाश पुष्पवाण, सभासद गौरव रावत, पूनम बिष्ट, युवा मोर्चा भाजपा अध्यक्ष प्रदीप राणा, केदारनाथ मंडल अध्यक्ष सुभाष रावत, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बिपिन सेमवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष जय प्रकाश सेमवाल, कवित्री श्रीमती उपासना सेमवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं भारी संख्या में उपस्थित रहे।
संस्थान द्वारा आयोजित यह समारोह शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों के लिए प्रेरणादायक बना, जिससे विद्यार्थियों एवं स्थानीय प्रतिभाओं को नई ऊर्जा और हौसला मिला।
