भारतीय क्रिकेट टीम के विकेटकीपर और सलामी बल्लेबाज ऋषभ पंत की बड़ी बहन साक्षी और लंदन के बिजनेसमैन अंकित चौधरी बुधवार को विवाह के बंधन में बंध गए।

Spread the love

मसूरी के सेवाय होटल में बुधवार को कुमाऊंनी रीति-रिवाज के साथ हुए वैवाहिक समारोह में भारतीय क्रिकेट टीम के कोच गौतम गंभीर, पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी, सुरेश रैना, नीतीश राणा, पृथ्वी शाह, राहुल तेवतिया आदि भी शामिल हुए।

प्रिंट मीडिया, शैल ग्लोबल टाइम्स/ हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स/संपादक उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी, अवतार सिंह बिष्ट रुद्रपुर, (उत्तराखंड)

लोकगीतों पर दूल्हा-दुल्हन और स्वजन के साथ क्रिकेटर भी जमकर थिरके।

हरिद्वार के रुड़की निवासी ऋषभ पंत की बड़ी बहन साक्षी की सगाई पिछले वर्ष लंदन के बिजनेसमैन अंकित चौधरी के साथ हुई थी। शादी समारोह के लिए होली से दो दिन पहले का शुभ मुहूर्त तय किया गया था। डेस्टीनेशन वेडिंग के लिए मसूरी के प्रसिद्ध सेवाय होटल को बुक किया गया था।

दुल्हन साक्षी पंत और स्वजन समेत करीबी रिश्तेदार सोमवार सुबह ही मसूरी पहुंच गए थे, जबकि चैंपियंस ट्राफी के कारण दुबई से ऋषभ पंत सोमवार देर शाम मसूरी पहुंचे। मंगलवार दोपहर पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी भी अपनी पत्नी साक्षी के साथ मसूरी पहुंचे, जबकि क्रिकेटर सुरेश रैना, नीतीश राणा, पृथ्वी शाह, राहुल तेवतिया देर शाम पहुंचे। इस दौरान पहले मेहंदी और हल्दी की रस्म हुई और रात को पार्टी का आयोजन हुआ।

खानपुर विधायक उमेश कुमार भी रहे मौजूद

बुधवार को होने वाली शादी के लिए भारतीय टीम के कोच गौतम गंभीर भी सुबह मसूरी पहुंच गए। हरिद्वार के खानपुर विधायक उमेश कुमार शुरुआती दिन से समारोह का हिस्सा रहे। विश्वस्त सूत्रों ने बताया कि समारोह में कुमाऊंनी बैंड की धुन पर क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी जमकर थिरके।

इन तीन पहाड़ी डिशों के लिए चटकारे

शादी में गढ़वाली व कुमाऊंनी व्यंजनों के साथ शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजन परोसे गए। सूत्रों के अनुसार उत्तराखंड की प्रसिद्ध झंगोरे की खीर, कुलत (गहत) की दाल, मंडुवे की रोटी का क्रिकेटरों ने जमकर स्वाद लिया।उन्‍होंने ये तीन पहाड़ी व्‍यंजन चटकारे लेकर खाए। कई प्रकार के कबाब का भी मेहमानों ने लुत्फ उठाया।

Social Media.

शादी के आयोजन को पूरी तरह से व्यक्तिगत रखा गया था। शादी की फोटो या वीडियो प्रसारित न हों, इसके लिए खास एहतियात बरती जा रही थी। इसके बावजूद देर रात कुछ फोटो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने लगे।

कुमाऊंनी पिछौड़ा पहने दिखीं साक्षी

कुमाऊंनी रीति-रिवाज में हुई शादी में दुल्हन साक्षी लाल लहंगा और कुमाऊंनी पिछौड़ा, पहाड़ी नथ समेत गले में गलोबंद पहने नजर आईं। दूल्हा अंकित चौधरी ने क्रीम कलर की शेरवानी पहनी हुई थी। स्वजन और करीबी रिश्तेदार महिलाएं भी कुमाऊंनी वेशभूषा में दिखीं।

इस तरह होती है कुमाऊंनी रीति-रिवाज में शादी

  • गोधूलि की बेला में जब दुल्हन के घर के द्वार पर बरात पहुंचती है तो कुंवारी कन्याएं जल से भरे तांबे के कलश को सर पर रखकर बरातियों का स्वागत करती हैं।
  • इसके बाद दूल्हे को कन्या के पिता हाथ पकड़कर आंगन में लाल मिट्टी और चावल के बिस्वार से बनी धूलिअर्घ्य की चौकी तक लाते हैं।
  • चौकी पर खड़े दूल्हे को विष्णु का स्वरूप मानकर पूजा की जाती है।
  • बरातियों के स्वागत में महिलाएं मांगल गीत गाती हैं।
  • इसके बाद रात में शुभ मूहर्त में पाणिग्रहण संस्कार शुरू होता है।
  • दुल्हन को महिलाएं अपने आंचल से ढंककर अनुष्ठान स्थल तक ले जाती हैं।
  • दोनों ओर से पंडितों की ओर से किया गया गोत्राचार मुख्य आकर्षण होता है।
  • दूल्हन के पिता लोटे से जल की धार देते हैं। यह पल माता-पिता के लिए अत्यंत भावुक कर देने वाला होता है।
  • आंचल बंधन अनुष्ठान में वर और कन्या के अंचल पट को आपस में बांध दिया जाता है। इस तरह कन्या वर परिवार की सदस्य हो जाती है।
  • अग्नि प्रज्जवलित कर यज्ञ किया जाता है।
  • फिर सप्तपदी विधान के अनुसार वर-वधू अग्नि के चारों ओर सात फेरे लेते हैं।

Spread the love