

रुद्रपुर।जिला मजिस्ट्रेट उधम सिंह नगर ने मेट्रोपोलिस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव को लेकर महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार एसोसिएशन के चुनाव अब पूर्व में नामित निर्वाचन अधिकारी/तहसीलदार रुद्रपुर की देखरेख में कराए जाएंगे और पूरी प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
उप-पंजीयक फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स उधम सिंह नगर द्वारा पत्र संख्या 996/Add. F.C. Chi./2026-26 दिनांक 12 फरवरी 2026 के माध्यम से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया था कि मेट्रोपोलिस सिटी में कानून व्यवस्था की स्थिति और संगठन के पदाधिकारियों की मनमानी को लेकर मनमोहन राय व अन्य लोगों की ओर से कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं। शिकायतकर्ताओं ने संगठन में लोकतांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए चुनाव कराने की मांग की थी।
इन शिकायतों के आधार पर सोसाइटी रजिस्ट्रेशन एक्ट 1880 की धारा 25(2) के अंतर्गत संगठन में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक अधिकारी नियुक्त करने का अनुरोध जिलाधिकारी से किया गया था। इसके बाद जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा 17 अप्रैल 2025 को जारी आदेश संख्या 6550 के तहत तहसीलदार रुद्रपुर को चुनाव कराने के लिए नामित किया गया था।
हालांकि इस निर्णय के खिलाफ मेट्रोपोलिस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से वर्ष 2025 में रिट याचिका संख्या 1402/2025 दायर की गई थी, जिसमें चुनाव अधिकारी द्वारा चुनाव कराए जाने पर आपत्ति जताई गई थी। लेकिन माननीय उच्च न्यायालय ने 17 नवंबर 2025 को इस याचिका को खारिज कर दिया।
इसके बाद मेट्रोपोलिस सिटी की निवासी श्रीमती शशि (एफ-125) द्वारा 4 दिसंबर 2025 को जिला प्रशासन को पत्र भेजकर उच्च न्यायालय के आदेश के अनुरूप संगठन के चुनाव कराने का अनुरोध किया गया। इस पर जिला प्रशासन द्वारा 8 दिसंबर 2025 को पत्र संख्या 825 जारी करते हुए स्पष्ट किया गया कि चुनाव पूर्व में नामित निर्वाचन अधिकारी/तहसीलदार रुद्रपुर द्वारा ही कराए जाएंगे।
इसी क्रम में कॉलोनी की निवासी श्रीमती मनेका मलिक सहित अन्य निवासियों ने 28 नवंबर 2025 को पत्र भेजकर चुनाव कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी नामित करने का समर्थन किया था। साथ ही जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के सहायक अभियंता द्वारा 19 जनवरी 2026 को आयोजित बैठक की उपस्थिति, सामान्य सभा की कार्यवाही रजिस्टर तथा कॉलोनी निवासियों की ओर से चुनाव कराने की सिफारिश से संबंधित दस्तावेज भी प्रशासन को उपलब्ध कराए गए।
सभी तथ्यों पर विचार करने के बाद जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने 6 मार्च 2026 को आदेश जारी करते हुए तहसीलदार रुद्रपुर को मेट्रोपोलिस रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव से संबंधित सभी कार्यवाही संपन्न कराने का दायित्व सौंपा है। साथ ही निर्देश दिया गया है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया 15 दिनों के भीतर यानी 20 मार्च 2026 तक हर हाल में पूरी कर ली जाए।
जिला प्रशासन ने इस कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उधम सिंह नगर को भी पत्र भेजा है। इसके अलावा उपजिलाधिकारी रुद्रपुर, सहायक अभियंता जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण तथा संबंधित विभागों को भी आदेश की प्रति भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।





