नानकमत्ता तहसील दिवस: जिलाधिकारी ने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

Spread the love

नानकमत्ता,20मई2025जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मंगलवार को नानकमत्ता महाविद्यालय में आयोजित तहसील दिवस में अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनसमस्याओं का त्वरित और गंभीरतापूर्वक निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जनता को समयबद्ध समाधान मिले, इसलिए तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए।

इस अवसर पर राशन कार्ड, पेयजल, आवास, बिजली, सड़क निर्माण एवं मरम्मत, जल जीवन मिशन, पुलिस, नगर पंचायत समेत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 41 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 18 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

जमीनी समस्याओं पर तत्परता से कार्रवाई के निर्देश

ग्राम पंचायत कैथुलिया के प्रशासक फूला सिंह ने जल जीवन मिशन के तहत घरों तक पानी न पहुंचने, टूटी हुई विद्युत लाइन, क्षतिग्रस्त सड़क और चोरी की घटनाओं की शिकायत की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों—पेयजल, विद्युत, लोनिवि और पुलिस—को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

अन्य प्रमुख शिकायतें एवं समाधान:

  • मधु देवी ने विद्युत मीटर और बिल में सुधार की मांग की। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जांच कर उचित समाधान का आदेश दिया।
  • जसपाल सिंह (कैथुलिया) ने अपने पुत्र के जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया, जिस पर एसडीएम को जांच कर प्रमाण पत्र जारी करने को कहा गया।
  • शुभम सिंह राणा (ग्राम बिरिया) ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने की अपील की, जिस पर मुख्य कृषि अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
  • सुखविंदर सिंह (ग्राम सरौजा) ने सीसी रोड निर्माण की मांग की, जिस पर खंड विकास अधिकारी को निरीक्षण कर योजना बनाने को कहा गया।
  • गिरीश चंद्र तिवारी (घुसरी) ने विकलांग प्रमाण पत्र बनाने का अनुरोध किया, जिसे मुख्य चिकित्साधिकारी को परीक्षण उपरांत जारी करने के निर्देश दिए गए।
  • प्रेम सिंह टुरना (अध्यक्ष, नगर पंचायत) ने ट्रामल मशीन और ट्रंचिंग ग्राउंड तक पक्की सड़क निर्माण की मांग की। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही करने को कहा।
  • पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने ग्राम टुकड़ी बिचवा में कैलाश नदी से हो रहे भू-कटाव को रोकने हेतु पिचिंग कार्य की मांग की, जिस पर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विधायकों ने भी उठाई जनसमस्याओं की आवाज

तहसील दिवस में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक गोपाल सिंह राणा और पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा ने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं को उसी स्तर पर निपटाएं जिस स्तर की वह समस्या है, ताकि जनता को त्वरित राहत मिल सके।

प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, उप जिलाधिकारी रविन्द्र जुआठा, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी के.एस. रावत, मुख्य उद्यान अधिकारी प्रभाकर सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, लघु सिंचाई अधिशासी अभियंता सुशील कुमार, लोनिवि अधिशासी अभियंता एस.के. अग्रवाल, सिंचाई विभाग के आनंद सिंह नेगी, जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत, तहसीलदार हिमांशु बिष्ट, समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, तथा प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन सहित कई विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र में जाकर समस्याओं को सुनें और जनता को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाएं।



Spread the love