नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह बना महिलाओं की आजीविका का आधार

Spread the love

रुद्रपुर। नगर निगम रुद्रपुर द्वारा संचालित दीनदयाल अंत्योदय योजना–राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (DAY-NULM) के अंतर्गत कार्यरत नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय पहल कर रहा है। आनंद विहार, वार्ड नंबर-01 फुलसुंगा में संचालित यह समूह महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ते हुए उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रहा है।
समूह की महिलाएं पारंपरिक कुमाऊँनी ड्रेस, विभिन्न प्रकार की दालें, जूट से बने उत्पाद, लड्डू गोपाल के आकर्षक वस्त्र तथा अन्य हस्तनिर्मित सामग्री तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों की स्थानीय बाजार में अच्छी मांग है, जिससे समूह से जुड़ी महिलाओं की आय बढ़ रही है और वे आत्मनिर्भर बन रही हैं।
समूह में अध्यक्ष रेनू शर्मा, सचिव मधुलिका वर्मा तथा कोषाध्यक्ष पुष्पा बजेठा के नेतृत्व में महिलाएं सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। समूह से जुड़ी अन्य सदस्यों में हीरा पांडे, गीता देवी, शोभा देवी, नीलू, मंजू बिष्ट, अनिता रानी, अनीता देवी, नीमा बिष्ट, प्रियंका आर्य और गीता उप्रेती शामिल हैं, जो सामूहिक प्रयासों से विभिन्न उत्पाद तैयार कर रही हैं।
नगर निगम की संगठनकर्ता ममता आर्या तथा सिटी मिशन मैनेजर मनोज कुमार के मार्गदर्शन में समूह निरंतर प्रगति कर रहा है। यह स्वयं सहायता समूह आज महिलाओं के लिए आजीविका का मजबूत आधार बनकर अन्य महिलाओं को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रहा है।

रुद्रपुर में आयोजित महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम में नारी शक्ति स्वयं सहायता समूह और न्यू आधार संगठन की अध्यक्ष रेनू शर्मा ने महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की थी। कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा उनके कार्यों की सराहना की गई। महिला संगठनों की पदाधिकारियों ने महिलाओं से सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया। अंत में सभी महिलाओं ने समाज में समानता, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


Spread the love