

रुद्रपुर, 04 दिसम्बर 2025।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं तराई क्षेत्र के संस्थापक स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की 47वीं पुण्यतिथि पर रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। मुख्यमंत्री ने सर्वप्रथम स्वर्गीय पंडित राम सुमेर शुक्ल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की एवं उनके जीवन परिचय के शिलापट्ट का अनावरण किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 लोगों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने लालपुर–नगला मोटर मार्ग से अंबेडकर कॉलोनी तक सड़क के डामरीकरण, किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय में उच्चीकृत करने, पंडित राम सुमेर शुक्ल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आगामी सत्र से इंटरमीडिएट कक्षाएं प्रारंभ करने तथा स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के गांवों में सेनानी भवन निर्माण की घोषणा की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें पंडित राम सुमेर शुक्ल की पुण्यतिथि पर आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें स्मरण करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पंडित शुक्ल बचपन से ही राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत थे। 1936 में लाहौर अधिवेशन में मात्र 21 वर्ष की आयु में उन्होंने मोहम्मद अली जिन्ना के द्विराष्ट्रवाद सिद्धांत का विरोध कर देशभर में पहचान बनाई। गांधी जी के आदर्शों से प्रभावित होकर उन्होंने वकालत छोड़ स्वतंत्रता आंदोलन में स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया। कई बार गिरफ़्तारी और यातनाएँ सहने के बावजूद वे अडिग रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भी उन्होंने किसानों और स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान के लिए निरंतर कार्य किया। तराई कॉलोनाइजेशन योजना के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने क्षेत्र के विकास में अमूल्य योगदान दिया। आज रुद्रपुर जिस स्वरूप में है, उसकी नींव पंडित राम सुमेर शुक्ल की दूरदृष्टि का परिणाम है। उनके पुत्र राजेश शुक्ल भी उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज, 590 करोड़ की लागत से बाईपास, चार लेन सड़कें, मास्टर ड्रेनेज योजना, रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण, दो आरओबी, 15 करोड़ का बायोगैस प्लांट, 17 करोड़ का कूड़ा प्रबंधन प्लांट जैसे कार्य प्रगति पर हैं। किच्छा में 351 करोड़ की लागत से एम्स ऋषिकेश का सैटेलाइट सेंटर, पंतनगर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा व खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी परियोजना भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। गन्ना किसानों के लिए समर्थन मूल्य में 30 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि भी की गई है।
कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पंडित राम सुमेर शुक्ल ने गोविंद बल्लभ पंत के नेतृत्व में तराई को बसाने का ऐतिहासिक कार्य किया था। आज मुख्यमंत्री धामी उनके सपनों को साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “धामी है तो हामी है।”
कार्यक्रम में विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, दर्जामंत्री अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शाशनी, एसपी क्राइम निहारिका तोमर, प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ. जीएस तितियाल, सीएमओ डॉ. के.के. अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पूर्व विधायक राजेश शुक्ल के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनकी माताजी से भेंट कर आशीर्वाद लिया एवं भोजन किया।




