

उधम सिंह नगर / देहरादून।77वाँ गणतंत्र दिवस पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। उधम सिंह नगर की पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में आयोजित भव्य गणतंत्र दिवस परेड से लेकर पुलिस मुख्यालय, उत्तराखण्ड, देहरादून में हुए राज्य स्तरीय कार्यक्रम तक, उत्तराखण्ड पुलिस की अनुशासनबद्ध शक्ति, सेवा-भावना और संवैधानिक निष्ठा का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
उधम सिंह नगर पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में बैंड की मधुर धुनों के बीच जवान मंच से गुजरते हुए दिखाई दिए। जवानों ने शानदार राइफल ड्रिल प्रस्तुत कर अपनी दक्षता और अनुशासन का परिचय दिया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई। कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन में जनसैलाब उमड़ा, आमजन देशभक्ति के रंग में रंगे नजर आए। भारी भीड़ के बीच छात्र–छात्राओं ने मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं। गणतंत्र दिवस परेड में विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी–कर्मचारी इस रंगारंग कार्यक्रम के साक्षी बने।
इसी क्रम में देहरादून स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक, उत्तराखण्ड श्री दीपम सेठ ने ध्वजारोहण कर सभी को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। इसके उपरान्त फायर स्टेशन टनकपुर (जनपद चम्पावत) को Best Fire Station की ट्रॉफी प्रदान की गई। साथ ही गणतंत्र दिवस–2026 के अवसर पर पुलिस कर्मियों को “डीजीपी डिस्क गोल्ड” एवं “डीजीपी डिस्क सिल्वर” से सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में डीजीपी श्री दीपम सेठ ने कहा कि देश आज अपने महान संविधान के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए 77वाँ गणतंत्र दिवस मना रहा है। यह वर्ष उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की रजत जयंती का भी साक्षी है। बीते 25 वर्षों में उत्तराखण्ड पुलिस ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व के मूल्यों से प्रेरित होकर कानून के प्रभावी पालन और मानवाधिकारों के संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखा है।
उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा प्रदत्त विशिष्ट एवं सराहनीय सेवा पदक, राज्यपाल उत्कृष्ट सेवा पदक तथा डीजीपी प्रशस्ति डिस्क से अलंकृत सभी पुलिस कार्मिकों को बधाई दी। डीजीपी ने कहा कि आपदा राहत व बचाव, कानून–व्यवस्था, विवेचना, साइबर अपराध, मादक पदार्थों से निपटने और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया जाना गर्व का विषय है।
इस वर्ष चतुर्थ श्रेणी कर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा की शुरुआत को भी उन्होंने ऐतिहासिक बताया। साथ ही युवा अधिकारियों को अवसर देते हुए प्रशिक्षणाधीन सहायक पुलिस अधीक्षक को संचालक और प्रशिक्षणाधीन पुलिस उपाधीक्षक को परेड कमांडर बनाया गया, जिससे भविष्य के नेतृत्व को प्रोत्साहन मिला। डीजीपी ने यह भी जानकारी दी कि विभाग में विभिन्न रैंकों में 1106 अधिकारियों व कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति दी गई है।
समारोह में महानिदेशक अभिसूचना एवं सुरक्षा अभिनव कुमार, अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) वी. मुरुगेशन, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) ए.पी. अंशुमान सहित पुलिस मुख्यालय के समस्त वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कुल मिलाकर, उधम सिंह नगर पुलिस लाइन की भव्य परेड और देहरादून पुलिस मुख्यालय के गरिमामय सम्मान समारोह ने गणतंत्र दिवस–2026 को उत्तराखण्ड में यादगार बना दिया—जहाँ वर्दी अनुशासन, सेवा और संविधान के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक बनकर सामने आई।




