

ऊधमसिंह नगर में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति एक्शन मोड में नजर आए। मुख्यमंत्री के “भयमुक्त और अपराधमुक्त देवभूमि” के संकल्प को धरातल पर उतारते हुए गदरपुर पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर रोडवेज बस में तोड़फोड़ और चालक से मारपीट करने वाले चार शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( अध्यक्ष:उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी परिषद उत्तराखंड)
जानकारी के अनुसार, ओवरटेकिंग को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने बस का पीछा किया और दो अलग-अलग स्थानों पर लाठी-डंडों से हमला कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ PDPP एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई के साथ-साथ क्षतिपूर्ति भी कराई जाएगी।
SSP अजय गणपति ने कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जिले में “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत अराजकता और हुड़दंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।




