कनाडा में मारा गए सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा था उत्तराखंड में वांछित, मर्डर केस में थी पुलिस को तलाश कनाडा के विनिपेग में गैंगवार में मारा गया गैंगस्टर सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा यहां स्टोन क्रशर स्वामी महल सिंह की हत्या में भी वांछित था। सुक्खा ने ही हत्या के लिए शूटरों का इंतजाम किया था।

Spread the love

पुलिस ने सुक्खा समेत दस आरोपियों के खिलाफ जनवरी में कोर्ट में चार्जशीट पेश की थी। सुक्खा समेत चार आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से स्टैंडिग वारंट चल रहे हैं।

काशीपुर के जुड़का निवासी महल सिंह को 13 अक्तूबर 2022 को शूटरों ने घर में घुसकर गोली मारी थी। गोली लगने के बाद महल कातिलों के पीछे भागे, लेकिन दौड़ते-दौड़ते ही रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया था। उनके भतीजे कर्मपाल सिंह ने कनाडा में रह रहे एनआरआई हरजीत सिंह काला के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था।

हरजीत मूलरूप से काशीपुर का रहने वाला है। बाद में पुलिस ने मामले की पड़ताल की तो पता चला कि हत्या सुपारी देकर कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने चार्जशीट में हरजीत सिंह और उसके बेटे तनवीर समेत दस नाम और जोड़े। इसमें कनाडा में रह रहे सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा, आतंकी अर्शदीप डल्ला और काशीपूर के प्रभुजोत सिंह, गुरजंट सिंह उर्फ जंटा, सुखदेव सिंह सेबी और रजविंदर के अलावा पंजाब निवासी दो शूटर साधू सिंह व मनप्रीत सिंह चहल शामिल थे।

13 जनवरी 2023 में इन सबके खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की गयी थी। कोर्ट ने सभी प्रवासी आरोपियों के खिलाफ स्टैंडिंग वारंट जारी किए हैं। इस मामले में अगली सुनवाई छह अक्तूबर को होनी है।

सुक्खा ने उपलब्ध कराए थे शूटर महल हत्याकांड में शूटरों साधु सिंह व मनप्रीत सिंह की गिरफ्तारी के बाद काशीपुर पुलिस ने पंजाब जाकर पूछताछ की तो आरोपियों की रिमांड शीट में कनाडा के गैंगेस्टरों से उनके संबंधों का खुलासा हुआ।

सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा एनआईए के 43 वांछितों में
सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा एनआईए के 43 वांछितों की जारी सूची में भी शामिल था। एजेंसी ने 20 सितंबर को ही उसकी सूची जारी की थी। दविंदर बंबीहा के गिरोह से जुड़े सुक्खा की बुधवार रात कनाडा में हत्या कर दी गई। गैंगवार में 15 राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें वह मारा गया। उसके आतंकी अर्शदीप डल्ला से भी संबंध थे। सुक्खा वर्ष 2017 में जाली कागजों के सहारे कनाडा भाग गया था।

दो आरोपियों की हो चुकी है जमानत
महल हत्याकांड में शूटरों को मदद करने के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों की जमानत मंजूर हो गई है। जबकि शेष चार आरोपी अभी भी पहाड़ की अलग-अलग जेलों में हैं। हत्याकांड में दो शूटरों और चार मददगारों को गिरफ्तार किया गया था। इसमें से दो आरोपियों रजविंदर कौर व सुखदेव सिंह उर्फ सेबी की जमानत हो चुकी है। दोनों आरोपी एनआरआई हरजीत उर्फ काला के फार्म पर नौकरी करते थे।

काशीपुर के ढकिया निवासी स्टोन क्रशर मालिक महल सिंह हत्याकांड में वांछित सुखदुल सिंह उर्फ सुक्खा की हत्या को लेकर क्षेत्र में कोई प्रतिक्रिया नहीं है। क्षेत्र में पूरी तरह से शांति बनी हुई है।


Spread the love