

रुद्रपुर में राष्ट्रभक्ति, स्वदेशी और युवा चेतना का उत्सव
धूमधाम से मनाई गई स्वामी विवेकानंद जी की जयंती, संकल्प दौड़ से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों तक उमड़ा जनसैलाब
रुद्रपुर। स्वामी विवेकानंद जी की 164वीं जयंती (राष्ट्रीय युवा दिवस) के अवसर पर रुद्रपुर में विभिन्न संगठनों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक क्लबों द्वारा भव्य, प्रेरणादायी और राष्ट्रभाव से ओत-प्रोत कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। पूरे शहर में युवाओं के उत्साह, स्वदेशी संकल्प और राष्ट्रसेवा के भाव ने एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
इसी क्रम में रुद्रपुर डिग्री कॉलेज में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा स्वदेशी संकल्प दौड़ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर युवामोर्चा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत (बिट्टू चौहान) के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने उत्साहपूर्वक दौड़ में भाग लिया।
विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जी के विचार आज भी युवाओं के लिए मार्गदर्शक हैं। स्वदेशी अपनाकर ही आत्मनिर्भर और सशक्त भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा विवेकानंद जयंती पर पूरे प्रदेश में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित हो।
संकल्प दौड़ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना, स्वदेशी को बढ़ावा देना और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में जिला महामंत्री तरुण दत्ता, प्रदेश महामंत्री महिला मोर्चा रश्मि रस्तोगी, प्रदेश मंत्री किसान मोर्चा धीरेन्द्र मिश्रा, जिला सोशल मीडिया संयोजक अक्षय गहलौत सहित रोहित भट्ट, रचित, के.के. त्रिपाठी, नवजोत, जितेन्द्र, नमन, अभिषेक, रवि, विशाल, मनीष, हर्ष, उमेश, रोहित, जसवंत एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। अंत में सभी ने स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलने और राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।
वहीं राजकीय इंटर कॉलेज शांतिपुरी में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करते हुए पूर्व दर्जा राज्य मंत्री व उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता डॉ. गणेश उपाध्याय ने विवेकानंद जी के जीवन और दर्शन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद का जन्म 12 जनवरी 1863 को कोलकाता में हुआ था, उनका बचपन का नाम नरेंद्रनाथ दत्त था। गुरु रामकृष्ण परमहंस के सान्निध्य में उन्होंने जीवन का वास्तविक उद्देश्य जाना।
डॉ. उपाध्याय ने 1893 के शिकागो धर्म संसद में दिए गए ऐतिहासिक भाषण का उल्लेख करते हुए कहा कि वह भारत की आत्मा की आवाज थी, जिसने पूरी दुनिया को भारतीय संस्कृति, वेदांत और मानवता का संदेश दिया। इस अवसर पर दुग्ध डेयरी संघ निर्देशक इंद्र सिंह मेहता, पूर्व प्रधान नारायण सिंह कोरंगा, चंदन सिंह बिष्ट, विपिन चंद पांडेय, ललित कोरंगा, चंदन नेगी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
इसी कड़ी में ट्रांजिट कैंप स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में स्वामी विवेकानंद न्यू यंग क्लब द्वारा जयंती अत्यंत धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री एवं किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ तथा पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विचार गोष्ठी में तिलक राज बेहड़ ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज के समय में और अधिक प्रासंगिक हैं, वहीं राजकुमार ठुकराल ने उन्हें भारतीय संस्कृति और आध्यात्म का वैश्विक ध्वजवाहक बताया।
कार्यक्रम के संयोजक परिमल राय की देखरेख में आयोजित इस उत्सव में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन सुबीर राय ने किया। इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, शंकर चक्रवर्ती, जीवन राय, मनोज राय, पार्षद सौरभ राज बेहड़, दिलीप अधिकारी, नंद शेखर गांगुली, चन्द्रशेखर गांगुली, सुशील मंडल, ब्रजेन मंडल, गौरव खुराना, शुभम दास, मानवेन्द्र राय, नारायण महाजन, अधीर मंडल, पिन्टू राय, शुभम मंडल, शुभंकर राय, विष्णु मंडल, दीपू बाछाड़, राहित मंडल, अंकित साना, प्रसन्नजीत दास, असीम, रक्षित, समीर राय, सोफिया नाज, मोहन खेड़ा, साजिद खान, ललित बिष्ट, सुरेन्द्र सिंह सरजू, रतन मंडल सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी व युवा मौजूद रहे।
कुल मिलाकर रुद्रपुर में स्वामी विवेकानंद जी की जयंती केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा, संकल्प और राष्ट्रनिर्माण का संदेश बनकर उभरी। आयोजकों और सहभागियों को इस सफल, गरिमामय और प्रेरणादायी आयोजन के लिए हार्दिक बधाई।




