हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स ,अवतार सिंह बिष्टउत्तराखंड में भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व तो निगाह रखे ही हुए है साथ ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी सीधी नजर बनाए हुए है।उत्तराखंड में भाजपा की चुनावी रणनीति पर संघ की सीधी नजर, फीडबैक होगा अहम

Spread the love

संघ के सह सरकार्यवाह एवं भाजपा के पालक अरुण के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को इससे जोड़कर देखा जा रहा है। वह देहरादून में संघ पदाधिकारियों के साथ ही भाजपा नेताओं व प्रबुद्धजनों से संपर्क कर लोकसभा चुनाव की दृष्टि से इसकी थाह लेंगे। वह प्रदेश सरकार और भाजपा संगठन के कामकाज की समीक्षा भी कर सकते हैं।

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव से उत्तराखंड में भाजपा विजय रथ पर सवार है तो इसके पीछे संघ की महत्वपूर्ण भूमिका है। संघ अपने 32 संगठनों के माध्यम से राज्यभर में विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्यों में जुटा है। ऐसे मे संघ का फीडबैक भाजपा के लिए खासा महत्व रखता है और इसके आधार पर पार्टी अपनी आगे की रणनीति तय करती आई है।

संघ से मिलने वाला फीडबैक अहम होता है

मौका लोकसभा चुनाव का हो तो जनता की नब्ज भांपने के साथ ही टिकट के दावेदारों के संबंध में संघ से मिलने वाला फीडबैक अहम होता है। यही कारण भी है कि राज्य में लोकसभा चुनाव में इतिहास रचने की दृष्टि से भाजपा की रणनीति पर संघ न केवल नजर रखे हुए है, बल्कि समय-समय पर महत्वपूर्ण सुझाव भी देता आया है।

संघ के सह सरकार्यवाह अरुण उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं

अब जबकि लोकसभा चुनाव के लिए छह-सात माह का ही समय रह गया है तो संघ ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। वह सरकार और संगठन के कामकाज की निरंतर समीक्षा करने के साथ ही भाजपा की चुनावी तैयारियों की जानकारी भी ले रहा है। इसी क्रम में संघ के सह सरकार्यवाह अरुण 21 अक्टूबर से उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। समझा जा रहा है कि इस दौरान वह देहरादून समेत अन्य स्थानों पर भाजपा की लोकसभा चुनाव की जमीनी स्थिति की जानकारी लेंगे।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने संघ के सह सरकार्यवाह अरुण के राज्य के दौरे के कार्यक्रम की पुष्टि की। उन्होंने माना कि अवसर चुनावी तैयारियों का है तो सह सरकार्यवाह स्वाभाविक तौर पर इसकी थाह लेंगे। उन्होंने कहा कि सह सरकार्यवाह अपने इस दौरे में प्रबुद्धजनों से भी मुलाकात कर सकते हैं।


Spread the love