

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
रुद्रपुर। बहुद्देशीय किसान सेवा सहकारी समिति लिमिटेड फौजी मटकोटा के चुनाव में ज्ञान सिंह चौहान को एक बार फिर निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। उनके पुनः चयन के उपलक्ष्य में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा ठाकुर जगदीश सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर चौहान का फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत किया और माता की चुनरी ओढ़ाकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने बधाई देते हुए कहा कि “ज्ञान सिंह चौहान का निर्विरोध चुना जाना किसानों के भरोसे और उनकी समर्पित कार्यशैली का जीवंत प्रमाण है।” उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी चौहान किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए समिति को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाएंगे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ज्ञान सिंह चौहान ने सभी सदस्यों और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताया गया विश्वास उनकी जिम्मेदारी को और अधिक बढ़ाता है। उन्होंने कहा कि वे किसानों की समस्याओं के समाधान, समिति की प्रगति और संस्थागत पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सेवा के कार्य लगातार जारी रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान कुंवर पाल सिंह, रघुराज सिंह, केशव शर्मा, देवेंद्र सिंह बामल, त्रिलोचन पनेरू, देवेंद्र सिंह बिष्ट, श्याम सिंह चौहान, ललित सिंह बिष्ट और केरू मंडल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।




