

रुद्रपुर।जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी उधम सिंह नगर डॉ. आलोक कुमार शुक्ला के नेतृत्व में लालपुर स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर का निरीक्षण कर नई चिकित्सा सेवाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सोनम, नेशनल आयुष मिशन के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी और शल्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अब्दुल कय्यूम की संयुक्त टीम उपस्थित रही।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
निरीक्षण के बाद डॉ. शुक्ला ने बताया कि लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग पर अब यहां गुदा रोगों की आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा शुरू की जा रही है। इसके अंतर्गत पाइल्स, फिशर और फिस्टुला जैसी बीमारियों का उपचार क्षार सूत्र पद्धति से किया जाएगा। साथ ही अग्निकर्म चिकित्सा एवं अन्य आयुर्वेदिक शल्य चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक शनिवार को डॉ. अब्दुल कय्यूम रोगियों का शल्य चिकित्सा कार्य करेंगे, जबकि सोमवार से शुक्रवार तक रोगियों का पंजीकरण किया जाएगा। सामान्य ओपीडी और नियमित चिकित्सा कार्य पहले की तरह प्रभारी डॉ. सोनम द्वारा संचालित किए जाएंगे।
डॉ. शुक्ला ने कहा कि आयुष विभाग का प्रयास है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जाए। नई सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के पाइल्स, फिशर और फिस्टुला रोगियों को बड़ी राहत मिलेगी।




