

रुद्रपुर/हल्द्वानी। उत्तराखंड अब फिल्मों, वेब सीरीज और शॉर्ट मूवीज की शूटिंग का प्रमुख गढ़ बनता जा रहा है। एक ओर जहाँ राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण फिल्ममेकर्स को आकर्षित कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यहाँ के युवा कलाकारों की प्रतिभा भी नए अवसर पैदा कर रही है। इसी कड़ी में पांडे इंटरटेनमेंट्स एंड प्रोडक्शंस, जिसके संचालक दीपक पांडे और ममता पांडे हैं, ने अपनी आगामी फिल्म, वेब सीरीज और शॉर्ट मूवीज के लिए ऑडिशन आयोजित किए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
रुद्रपुर के एमिनिटी पब्लिक स्कूल और हल्द्वानी के सेंट लॉरेंस पब्लिक स्कूल में हुए इन ऑडिशनों में भारी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। रुद्रपुर में कुल 68 प्रतिभागियों ने अपने अभिनय का जलवा दिखाया, जबकि हल्द्वानी में 73 कलाकारों ने अपनी कला से जजों को प्रभावित किया।
इस दौरान निर्माता दीपक पांडे और ममता पांडे के साथ फिल्म के लेखक, निर्देशक व अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री, प्रज्वल पांडे और असिस्टेंट ऋषिका विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी ने प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार टैलेंट है, जिसे सही मंच दिलाना बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि पांडे इंटरटेनमेंट्स एंड प्रोडक्शंस इससे पहले उत्तराखंड की वादियों में चर्चित फिल्म “दून एक्सप्रेस” की शूटिंग पूरी कर चुका है। यह फिल्म देहरादून, हल्द्वानी, भीमताल, अल्मोड़ा और बागेश्वर जैसे सुंदर लोकेशनों पर फिल्माई गई है। फिल्म के लेखक, निर्देशक और अभिनेता अनुग्रह अग्निहोत्री हैं। फिल्म में बाल कलाकार रितिका शर्मा ने अपने मासूम अभिनय से दर्शकों का दिल जीता, जबकि उत्तराखंड की प्रतिभाशाली अभिनेत्री अंकिता परिहार ने अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े विशेषज्ञ मानते हैं कि उत्तराखंड में इस तरह के लगातार ऑडिशन और फिल्मी गतिविधियाँ युवाओं के लिए रोजगार और पहचान दोनों के नए दरवाजे खोल रही हैं। स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा और राज्य की प्राकृतिक सुंदरता मिलकर इसे फिल्म प्रोडक्शन का हॉटस्पॉट बना रही हैं।
इस बीच, निर्माता दीपक पांडे ने जानकारी दी कि अगला बड़ा ऑडिशन 27 सितंबर (शनिवार) को देहरादून के ग्राफिक एरा में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं को मंच देने का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा और आने वाले समय में राज्य भारतीय फिल्म उद्योग का एक अहम केंद्र बनने जा रहा है।




