एसएसपी ऊधमसिंहनगर अजय गणपति के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, फर्जी आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़

Spread the love


रुद्रपुर। अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर के निर्देशन में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस एवं स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुमाऊं की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनसेवा केंद्र की आड़ में चल रहे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश किया है। संयुक्त टीम ने छापेमारी कर एक फर्जी आधार कार्ड सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में नकली दस्तावेज और उपकरण बरामद किए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


पुलिस के अनुसार आरोपी जनसेवा केंद्र के नाम पर अवैध रूप से आधार कार्ड, पैन कार्ड और कूटरचित अंकतालिकाएं तैयार कर लोगों को उपलब्ध करा रहे थे। मौके से कई तैयार फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, विभिन्न बोर्डों की नकली मार्कशीटें, लैमिनेशन मशीन, प्रिंटर, कंप्यूटर सिस्टम, स्कैनर और अन्य तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और दूर-दराज क्षेत्रों के लोगों को कम समय में दस्तावेज बनवाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूल रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किन-किन आपराधिक गतिविधियों में किया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनसेवा केंद्र की आड़ में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिले में फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त अभियान जारी रहेगा और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है। आगे की जांच जारी है।


Spread the love