रामपुर में बर्ड फ्लू, रुद्रपुर में एक सप्ताह तक मुर्गा-मांस व अंडा लाने पर रोक

Spread the love


रुद्रपुर, 12 अगस्त 2025। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि पड़ोसी जनपद रामपुर (उत्तर प्रदेश) के विकास खंड विलासपुर के कुछ गांवों में बर्ड फ्लू (H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा वायरस) के मामले सामने आए हैं। एहतियात के तौर पर ऊधमसिंह नगर जनपद में उत्तर प्रदेश से जीवित मुर्गा-मुर्गी, मुर्गा मांस, अंडा व अन्य पोल्ट्री उत्पाद लाने पर एक सप्ताह के लिए प्रतिबंध लगाया गया है।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर (उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी)


डीएम ने कैम्प कार्यालय में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निरंतर सैंपलिंग के निर्देश दिए। वन विभाग को पक्षियों पर नजर रखने, बीमार या मृत पक्षी मिलने पर तत्काल रिपोर्ट करने को कहा गया। साथ ही, पुलिस को यूपी सीमा पर मुर्गा-मांस और अंडा परिवहन की सख्त चेकिंग करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद के पोल्ट्री फार्म पर कोई प्रतिबंध नहीं है और अब तक जिले में बर्ड फ्लू का कोई मामला नहीं मिला है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, डीएफओ यूसी तिवारी, एडीएम पंकज उपाध्याय व कौस्तुभ मिश्र, एसडीएम मनीष बिष्ट, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी समेत सभी उप जिलाधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी व निकाय अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े।



Spread the love