

रूद्रपुर, 08 जनवरी 2026 राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद किच्छा की निर्वाचन नामावलियों (मतदाता सूचियों) का संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
उन्होंने बताया कि 12 एवं 13 जनवरी को मतदान स्थलवार तैनात कार्मिकों द्वारा निर्वाचन नामावलियों का निरीक्षण कराया जाएगा तथा इस दौरान दावा एवं आपत्तियां भी प्राप्त की जाएंगी। 14 जनवरी को निर्वाचन नामावलियों के आलेख का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 15 जनवरी से 21 जनवरी तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन से संबंधित दावे और आपत्तियां ली जाएंगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 22 जनवरी से 25 जनवरी के मध्य किया जाएगा। 27 एवं 28 जनवरी को पूरक सूचियों की पाण्डुलिपि तैयार की जाएगी, जबकि 29 जनवरी से 02 फरवरी तक पूरक सूचियों की डाटा एंट्री एवं फोटो स्टेड की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। अंततः 03 फरवरी 2026 को निर्वाचन नामावलियों का जनसामान्य के लिए अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस संक्षिप्त पुनरीक्षण के लिए निर्वाचकों की संदर्भ तिथि 01 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। ऐसे सभी पात्र नागरिक, जिन्होंने 01 जनवरी 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उनके नाम निर्वाचन नामावलियों में सम्मिलित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संक्षिप्त पुनरीक्षण के पश्चात तैयार की गई निर्वाचन नामावलियां ही नगर पालिका परिषद किच्छा के आगामी सामान्य अथवा उप निर्वाचन में प्रयुक्त की जाएंगी। उन्होंने पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों में अपने नामों की जांच कर आवश्यक दावा या आपत्ति अवश्य दर्ज कराएं।





