सीबीसी नैनीताल का पोषण गीत लॉन्च, बोले कोश्यारी – हर भाषा में गूंजे यह एंथम

Spread the love


खटीमा। पूर्व राज्यपाल व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने शुक्रवार को केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) नैनीताल की ओर से तैयार पोषण गीत “विकसित भारत की बुनियाद“ को लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह गीत सरकार के साथ काम करने वाले स्थानीय कलाकारों की प्रतिभा का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस गाने की वास्तविक सफलता तभी होगी जब इसे देश की अन्य भाषाओं में भी गाया और सुनाया जाएगा।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

पेड़ लगाकर हुई कार्यक्रम की शुरुआत

थारू विकास भवन, खटीमा में दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी और जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत भगत सिंह कोश्यारी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कर की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पोषण को लेकर भारत सरकार और राज्य सरकार जो जागरूकता फैला रही है, उसे हर महिला और बच्ची तक पहुंचाना सबकी जिम्मेदारी है।

पोषण एंथम की थीम

क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी नीरज भट्ट ने जानकारी दी कि पोषण एंथम की थीम 2047 के विकसित भारत में पोषण की आवश्यकता को दर्शाना है। गीत को सीबीसी नैनीताल की कलाकार डॉ. दीपा जोशी ने लिखा है। संगीत शर्मिष्ठा बिष्ट, गोपेश बिष्ट और आनंद बिष्ट ने तैयार किया है, जबकि अभिनय भास्कर जोशी, शोभा चारक और दीपा ने किया।

कार्यक्रम का समापन लोकसभा सांसद करेंगे

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी शर्मिष्ठा बिष्ट ने बताया कि विभाग के एक अन्य गीत के लॉन्च के साथ ही लोकसभा सांसद अजय भट्ट इस अभियान का विधिवत समापन करेंगे। समापन समारोह में मेहंदी और फैंसी प्रतियोगिताओं के साथ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

अन्नप्राशन और किट वितरण

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने मिरहा, पूनम और अनुभा सहित 10 महिलाओं के बच्चों का अन्नप्राशन करवाया। वहीं वर्तिका, पूजा, वीणा सहित 10 धात्री महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई।



Spread the love