चंदोला मेडिकल के वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज़, श्वेता मेहरा ने दर्शकों को झूमने पर किया मजबूर!देर रात तक प्रचलित गीतों पर झूमते रहे दर्शक

Spread the love

चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं वसुंधरा नर्सिंग कॉलेज का वार्षिकोत्सव केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि शिक्षा और संस्कृति के संगम का सुंदर उदाहरण बना। श्वेता मेहरा की प्रस्तुति ने जहाँ लोकसंस्कृति को नई ऊर्जा दी, वहीं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार किया। विधायक शिव अरोरा और एमडी डॉ. केसी चंदौला के विचारों ने यह स्पष्ट किया कि चिकित्सा शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा और संवेदना का भी माध्यम है। ऐसे आयोजन युवाओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

रुद्रपुर। चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल तथा वसुंधरा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज़ गुरुवार शाम धूमधड़ाके के साथ हुआ। कॉलेज परिसर को आकर्षक लाइटों, रंग-बिरंगे पंडालों और भव्य मंच सज्जा से पूरी तरह उत्सवमय बना दिया गया। देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मशहूर कुमाऊँनी कलाकार श्वेता मेहरा समेत अन्य कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा, कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके बाद वार्षिकोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई और मंच से कला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं की मनमोहक प्रस्तुतियों का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कॉलेज परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और वसुंधरा नर्सिंग कॉलेज ने चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में इन संस्थानों का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई के साथ-साथ कला, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला ने अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका संकल्प है कि यहां से निकलने वाले छात्र ज्ञान के साथ सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से भी युक्त हों। उन्होंने कॉलेज की आधुनिक लैब, अत्याधुनिक अस्पताल सुविधाओं, अनुभवी फैकल्टी और नई तकनीकी संसाधनों की जानकारी भी साझा की तथा भविष्य में नए कोर्स और शोध कार्यक्रम शुरू करने की घोषणा की।

कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा रहा कुमाऊँनी स्टार श्वेता मेहरा का धमाकेदार प्रदर्शन। जैसे ही उन्होंने मंच पर लोकप्रिय कुमाऊँनी गीतों की प्रस्तुति दी, पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। श्वेता मेहरा ने गढ़वाली, हरियाणवी, राजस्थानी और भोजपुरी गीतों पर भी जबरदस्त प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया।

वार्षिकोत्सव के दौरान डॉ. केसी चंदौला और उनकी धर्मपत्नी की विवाह वर्षगांठ भी मनाई गई। मंच पर केक काटकर दंपत्ति को शुभकामनाएं दी गईं। कॉलेज प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथि सहित सभी विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. श्वेता चौधरी ने प्रभावशाली ढंग से किया।

कार्यक्रम में यूके उनियाल, मोहन सिंह बिष्ट, सागर तिवारी, पूर्व मेयर हल्द्वानी जोगेंद्र रौतेला, विमल चौधरी, मुकेश चतुर्वेदी, हरेन्द्र बिष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता विपुल शर्मा, हेमंत बठला, भरत लाल शाह, दीपक पांडे, डॉ. अजय विश्वकर्मा, जगदीश गंभीर, ललित मोहन उप्रेती, शालिनी बोरा, मीना शर्मा, अवतार सिंह बिष्ट, अनिल शर्मा, कमलेंद्र सेमवाल, डॉ. जाहर घोष, डॉ. आशीष पंत, निरंजन यादव, सीमा, अदिति, रश्मि, दुर्गेश, नवीन तथा कॉलेज के मीडिया प्रभारी विशाल मेहरा सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।


Spread the love