

रूद्रपुर, 10 दिसम्बर 2025।
मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी ने विकास भवन स्थित अपने कार्यालय में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित टाइम-लाइन के अनुसार पूर्ण किए जाएं। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट प्रत्येक 15 दिन में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज माननीय मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट है और इसे अगले शैक्षणिक सत्र से ही प्रारंभ किया जाना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यदायी संस्था को श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर तेजी से निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जून 2026 तक ब्लॉक ‘ए’ में एकेडमिक ब्लॉक, दो छात्रावास, लेक्चर थिएटर, मैस एवं डाइनिंग हॉल का निर्माण अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही इन सभी भवनों में विद्युत व्यवस्था, लिफ्ट आदि मूलभूत सुविधाएं भी समय से सुनिश्चित की जाएं, ताकि नेशनल मेडिकल काउंसिल (NMC) का निरीक्षण कराकर आगामी सत्र से मेडिकल कॉलेज का संचालन प्रारंभ कराया जा सके।
समीक्षा बैठक के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने पेयजल निगम, मेडिकल कॉलेज प्रशासन एवं मुख्य चिकित्साधिकारी के साथ निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी एवं मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को नियमित रूप से निर्माण कार्यों की मॉनिटरिंग करने को भी कहा।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. के.के. पाल, परियोजना प्रबंधक पेयजल निर्माण निगम नरेंद्र नवानी, सहायक अभियंता सुभाष चंद्र भट्ट, अपर सहायक अभियंता रंजीत आर्या सहित संबंधित ठेकेदार और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रशासन की सख्ती और नियमित निगरानी से अब मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।




