

रुद्रपुर। उत्तराखंड शासन के आदेश संख्या 221/XX-1-2026-2(4) 2002 टी.सी. दिनांक 13 फरवरी 2026 के अनुपालन में श्री अजय गणपति महोदय ने आज दिनांक 14 फरवरी 2026 को अपराह्न जनपद ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी
जनपद मुख्यालय में पदभार ग्रहण करते ही एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों के साथ औपचारिक परिचय बैठक की तथा जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और अपराध तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर विश्वास को मजबूत किया जाएगा। महिला सुरक्षा, साइबर अपराध की रोकथाम, नशे के विरुद्ध अभियान तथा संगठित अपराध पर नियंत्रण के लिए विशेष रणनीति तैयार की जाएगी।
नव नियुक्त एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे जनसुनवाई को प्राथमिकता दें तथा शिकायतों का त्वरित और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्यशैली जनोन्मुखी, जवाबदेह और तकनीकी रूप से सशक्त होनी चाहिए।
जनपद ऊधम सिंह नगर, जो औद्योगिक और सीमावर्ती दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, वहां कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर भी उन्होंने बल दिया।
पदभार ग्रहण के अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और बेहतर पुलिसिंग के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।




