हर की पैड़ी पर अंकिता भंडारी की स्मृति में दीपदान, धीरेंद्र प्रताप ने उत्तराखंड बंद की सफलता पर जताया आभार

Spread the love


हरिद्वार।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने शनिवार को हरिद्वार स्थित पवित्र हर की पैड़ी पर दिवंगत अंकिता भंडारी की स्मृति में दीपदान कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इससे पूर्व वे उत्तराखंड बंद का जायजा लेते हुए देहरादून से हरिद्वार पहुंचे।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी


दीपदान के बाद धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि आंदोलनकारियों ने संकल्प लिया था कि इस मामले में वीआईपी आरोपियों को दंडित करने के लिए जब तक सीबीआई जांच का सरकारी आदेश नहीं होगा, तब तक चैन से नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के व्यापक दबाव के चलते सरकार को यह फैसला लेना पड़ा है, लेकिन अब भी एक अहम लड़ाई बाकी है—इस पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के सिटिंग जज की देखरेख में कराई जाए।
धीरेंद्र प्रताप ने जानकारी दी कि इसी सिलसिले में उन्होंने शुक्रवार रात दिल्ली में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी तथा अल्मोड़ा सांसद व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा से मुलाकात की। तीनों नेताओं ने आश्वासन दिया है कि इस गंभीर मामले का न्यायसंगत और तर्कसंगत समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि आंदोलनकारियों ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए भारत के मानवाधिकार आयोग और राष्ट्रीय महिला आयोग से भी समय मांगा है। आंदोलनकारियों का प्रतिनिधिमंडल दोनों आयोगों के समक्ष अपनी बात रखेगा। धीरेंद्र प्रताप ने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता भंडारी कांड के दोषियों को सजा नहीं मिल जाती, तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
हर की पैड़ी पर हुए दीपदान कार्यक्रम में चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति की केंद्रीय संरक्षक श्रीमती कमला पांडे, श्रीमती आशा बिष्ट, श्रीमती विमला कोटियाल, समिति के सचिव एवं प्रवक्ता विजय भंडारी तथा हरिद्वार नगर चिन्हित राज्य आंदोलनकारी संयुक्त समिति के अध्यक्ष सुरेंद्र सैनी भी उपस्थित रहे। सभी ने मां गंगा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर दिवंगत अंकिता भंडारी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और अस्मिता की इस लड़ाई को अंत तक ले जाने का संकल्प लिया।


Spread the love