

रुद्रपुर।शहर में सामाजिक एकजुटता और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की उधम सिंह नगर की महिला जिला अध्यक्ष मीना गंगवार सहित दर्जनों महिलाओं ने भाईचारा एकता मंच की सदस्यता ग्रहण की। यह कार्यक्रम भाईचारा एकता मंच के कार्यालय में आयोजित किया गया, जहां संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष केपी गंगवार ने सभी महिलाओं को औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर केपी गंगवार ने कहा कि भाईचारा एकता मंच शुरू से ही समाज में आपसी भाईचारे, समानता और विशेष रूप से महिलाओं के उत्थान के लिए कार्य करता आ रहा है। उन्होंने कहा कि मीना गंगवार और उनकी टीम के संगठन से जुड़ने से मंच को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा सामाजिक मुद्दों को उठाने में संगठन की ताकत बढ़ेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि अब भाईचारा एकता मंच के सदस्यों और पदाधिकारियों की समस्याओं के समाधान में भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत) की टीम भी सक्रिय सहयोग प्रदान करेगी, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों की आवाज को और मजबूती मिलेगी।
सदस्यता ग्रहण करने वाली महिलाओं में मुख्य रूप से मुन्नी गंगवार, सुरजावती, नन्ही गंगवार, राजवती, अनीता गंगवार, ममता शर्मा, पूनम गंगवार, मीनू गंगवार, सुमन गंगवार, सोमवती सहित दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं।
कार्यक्रम के दौरान भाईचारा एकता मंच के फाउंडर सदस्य अवतार सिंह बिष्ट, रामपाल सिंह, रंजीत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और समाजहित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।





