संपादकीय :रन फॉर यूनिटी’ ने दिया देशभक्ति और एकता का सशक्त संदेश— महापौर विकास शर्मा और डीएम नितिन भदौरिया ने हरी झण्डी दिखाकर किया शुभारम्भ

Spread the love

रुद्रपुर। देश के लौह पुरुष, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और भारत के प्रथम उपप्रधानमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर मंगलवार को रुद्रपुर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक कार्यक्रम ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। आयोजन का शुभारम्भ महापौर विकास शर्मा और जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने संयुक्त रूप से आवास विकास स्थित पटेल पार्क में हरी झंडी दिखाकर किया।

✍️ अवतार सिंह बिष्ट | हिंदुस्तान ग्लोबल टाइम्स, रुद्रपुर ( उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलनकारी

कार्यक्रम की शुरुआत सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई, जहां उपस्थित जनसमूह ने देश के इस महान पुरुष को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। पटेल पार्क से प्रारम्भ होकर यह दौड़ स्टेडियम तक पहुंचकर संपन्न हुई। देशभक्ति से ओतप्रोत नारों और जोश से भरे युवा, विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी एकता के रंग में रंगे नजर आए।

इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्र भारत के निर्माण में जिस साहस, दूरदृष्टि और एकता की भावना का परिचय दिया, वह आज भी सभी देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने छोटी-छोटी रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर भारत को अखंड राष्ट्र बनाया। आज उनके आदर्शों को अपनाकर हमें सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ बनाना होगा। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि एकता, देशभक्ति और जिम्मेदारी की प्रतीक है।

जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में एक साथ रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस आयोजन का मूल उद्देश्य यह संदेश देना है कि जब देश का हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी और कर्तव्य को समझता है, तभी राष्ट्र सशक्त होता है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के जीवन से हमें सीख मिलती है कि राष्ट्रसेवा, एकजुटता और निष्ठा ही वास्तविक शक्ति है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को आत्मसात करें और राष्ट्रनिर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके साथ-साथ शहर के नागरिक, सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संगठन और भाजपा के कार्यकर्ता भी दौड़ में शामिल हुए। पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से वातावरण गुंजायमान रहा।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मनीष बिष्ट, डॉ. अमृता शर्मा, ऋचा सिंह, तुषार सैनी, अभय प्रताप सिंह, रविंद्र जुआठा, गौरव पांडेय, कार्यक्रम संयोजक बिट्टू चौहान, भाजपा जिला महामंत्री तरुण दत्ता, मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराला, जिला मंत्री प्रमोद मित्तल, विजय तोमर, ममता जीना सहित तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

रुद्रपुर में हुए इस भव्य आयोजन ने न केवल एकता का संदेश दिया बल्कि यह भी साबित किया कि जब नागरिक समाज, प्रशासन और युवा शक्ति एक मंच पर एकजुट होती है, तो राष्ट्र की भावना नई ऊँचाइयाँ छूती है। सरदार पटेल की जयंती पर यह “रन फॉर यूनिटी” वास्तव में एकता की दौड़ नहीं, बल्कि भारत की आत्मा की गति थी — जो हर भारतीय हृदय में देशभक्ति की लौ जलाए रखने का संकल्प दोहराती है।



Spread the love